खलीलपुरी गांव में पारिवारिक रंजिश के चलते रास्ते के विवाद में मां-बेटे और चाची पर हमला हुआ। महिला गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Rajasthan: खलीलपुरी गांव में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पुराने रास्ते के विवाद को लेकर परिवार के ही कुछ लोगों ने मां-बेटे और चाची पर हमला कर दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार, सीमा देवी अपने बेटे चेतन जाट के साथ घर के बाहर थीं, तभी परिवार के ही कुछ लोग वहां पहुंचे और कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में सीमा देवी और उनका बेटा चेतन बुरी तरह घायल हो गए। हमले के दौरान लोहे की रॉड सीमा देवी के सिर पर लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
महिला की हालत गंभीर
घटना के बाद गांव के लोगों ने घायलों को तुरंत तिजारा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलवर रेफर कर दिया। अलवर में भी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने जयपुर रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी है।
![]()
घायल चेतन जाट को भी गंभीर चोटें आई हैं, जबकि चाची को भी लाठी-डंडों से चोट पहुंची है। तीनों का इलाज जारी है।
पहले भी हो चुके हैं हमले
घायल चेतन जाट ने बताया कि उनके पिता की मृत्यु के बाद से ही आरोपी पक्ष उनके परिवार पर दबंगई दिखा रहा है। पिछले तीन महीनों में उनके परिवार पर चार बार हमला हो चुका है। हर बार पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ते गए।
चेतन का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम उठाए जाते, तो यह गंभीर घटना नहीं होती। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
तिजारा थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है और पीड़ितों के बयान लिए जा रहे हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने की बात कही गई है।











