अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के सलाहकार पीटर नवारो ने भारत के रूसी तेल आयात और टैरिफ पर गुस्सा जताया। सोशल मीडिया पर आलोचना के बावजूद ट्रंप ने भारत के साथ व्यापार वार्ता जारी रखने की पुष्टि की।
Trump Tariff: अमेरिका और भारत ने व्यापार वार्ता फिर से शुरू करने का फैसला किया है, लेकिन इस बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकार पीटर नवारो ने भारत को लेकर अपनी नाराजगी जताई है। नवारो ने खास तौर पर भारत के रूसी तेल खरीदने के फैसले और अमेरिकी नौकरियों पर भारत के टैरिफ के असर को लेकर तीखी टिप्पणियां कीं। उनका यह रुख सोशल मीडिया पर चर्चा और आलोचना का विषय बन गया।
नवारो का दावा और सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया
पीटर नवारो ने एक पोल 'एक्स' प्लेटफॉर्म पर साझा किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि भारत के भारी टैरिफ से अमेरिकी नौकरियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत द्वारा रियायती दरों पर रूसी तेल की खरीद पूरी तरह मुनाफे के लिए की जा रही है, जिससे रूस को यूक्रेन युद्ध में वित्तीय मदद मिल रही है।
हालांकि, नवारो का यह दावा सोशल मीडिया पर उल्टा पड़ गया। ज्यादातर उपयोगकर्ताओं ने उनके तथ्यों और पोल की आलोचना की। कई लोगों ने उन्हें भ्रमित और अतिशयोक्ति में लिप्त बताया।
भारतीयों पर निशाना
सोशल मीडिया पर आलोचना झेलने के बाद नवारो ने भारतीय उपयोगकर्ताओं को निशाने पर लेना शुरू कर दिया। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा कि भारत के कीबोर्ड यूजर्स कम्युनिटी नोट्स को हाईजैक कर तथ्य दबा रहे हैं। उनके मुताबिक, भारत अमेरिकी बाजार तक बेरोकटोक पहुंच खोने से नाराज है, जबकि देश के टैरिफ दुनिया के सबसे ऊंचे स्तर पर हैं।
ट्रंप ने की व्यापार वार्ता जारी रखने की पुष्टि
नवारो की टिप्पणियों के बीच, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका और भारत दोनों देशों के बीच व्यापार बाधाओं को दूर करने के लिए बातचीत जारी है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के लिए उत्साहित हैं। उनका कहना है कि दोनों देशों के लिए सफल निष्कर्ष पर पहुंचना संभव है।