थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम (TVK) ने डीएमके नेता और विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में शिकायत दर्ज कराई है।
नई दिल्ली: तमिलनाडु की राजनीति में एक बयान को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। अभिनेता से नेता बने थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम (TVK) ने डीएमके नेता और तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी का आरोप है कि उदयनिधि स्टालिन ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणी की।
TVK ने इस बयान को महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताते हुए इसे सार्वजनिक मंच से किया गया मौखिक उत्पीड़न करार दिया है। पार्टी ने राष्ट्रीय महिला आयोग से मामले का संज्ञान लेने और उचित कार्रवाई की मांग की है।
तंजावुर रैली के दौरान दिया गया बयान
यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब उदयनिधि स्टालिन तंजावुर में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम कावेरी जल विवाद से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित किया गया था। रैली के दौरान उदयनिधि स्टालिन मुख्यमंत्री और अभिनेता से नेता बने जोसेफ विजय पर राजनीतिक हमला कर रहे थे। इसी बीच भीड़ में से किसी व्यक्ति ने अभिनेत्री तृषा का नाम लिया। आरोप है कि इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उदयनिधि ने ऐसा बयान दिया जिसे TVK और कई अन्य लोगों ने डबल मीनिंग और आपत्तिजनक बताया।
वीडियो क्लिप और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे बयान को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। हालांकि उदयनिधि स्टालिन ने बाद में यह स्पष्ट करने की कोशिश की कि उनकी टिप्पणी कावेरी नदी के पानी के संदर्भ में थी।
TVK ने जताई नाराजगी
थलापति विजय की पार्टी TVK ने उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है। पार्टी का कहना है कि किसी भी महिला, विशेष रूप से एक सार्वजनिक जीवन से जुड़ी महिला के बारे में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है। TVK ने राष्ट्रीय महिला आयोग को दी गई शिकायत में कहा कि इस तरह की टिप्पणियां महिलाओं को वस्तु के रूप में पेश करती हैं और सार्वजनिक मंचों पर महिलाओं के प्रति असम्मानजनक व्यवहार को बढ़ावा देती हैं।पार्टी ने मांग की है कि राष्ट्रीय महिला आयोग मामले की जांच करे और उदयनिधि स्टालिन को नोटिस जारी कर जवाब मांगे।
![]()
भाजपा ने भी साधा निशाना
इस मामले में तमिलनाडु भाजपा ने भी डीएमके नेता पर हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने टिप्पणी की आलोचना करते हुए इसे शर्मनाक और अशोभनीय बताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंचों पर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए और जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं को अपने शब्दों के प्रति अधिक सावधानी बरतनी चाहिए।
भाजपा नेता ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
तृषा को लेकर पहले भी हो चुके हैं विवाद
अभिनेत्री तृषा कृष्णन दक्षिण भारतीय सिनेमा की प्रमुख अभिनेत्रियों में शामिल हैं। पिछले कुछ समय से वह अपने निजी जीवन को लेकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक चर्चाओं में रही हैं। अभिनेता विजय के साथ उनके कथित संबंधों को लेकर कई बार अफवाहें सामने आती रही हैं। हालांकि दोनों कलाकारों ने सार्वजनिक रूप से इन चर्चाओं की पुष्टि नहीं की है।
इसी वजह से तृषा को लेकर समय-समय पर सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में टिप्पणियां होती रही हैं। महिला अधिकारों से जुड़े संगठनों का कहना है कि किसी भी महिला की निजी जिंदगी या प्रतिष्ठा को राजनीतिक बहस का हिस्सा बनाना उचित नहीं है।










