उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चार दिनों में 8 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे। प्रशासन ने प्रतिमा हटाने की कोशिश से इनकार किया है, जबकि भक्त वीडियो को सबूत बता रहे हैं।
उज्जैन: सती गेट के पास स्थित खड़े हनुमान मंदिर में पिछले चार दिनों में 8 हजार से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं। सोशल मीडिया पर प्रतिमा से जुड़े वीडियो और रील्स वायरल होने के बाद मध्य प्रदेश समेत गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान से भी भक्त उज्जैन आ रहे हैं। इसी बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिमा हटाने का अब तक कोई प्रयास नहीं किया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं खड़े हनुमान की रील्स
उज्जैन के प्रसिद्ध खड़े हनुमान मंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो और रील्स वायरल हो रही हैं। Instagram और YouTube समेत कई प्लेटफॉर्म पर प्रतिमा के अपनी जगह पर खड़े रहने से जुड़े वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। इन वीडियो को देखने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं।
![]()
पिछले चार दिनों में करीब 8 हजार से ज्यादा भक्त यहां दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं। इनमें मध्य प्रदेश के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान से आए श्रद्धालु भी शामिल हैं। कई युवा दर्शन करने के साथ मंदिर और प्रतिमा की रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
मंदिर के आसपास बैरिकेडिंग, पुलिस बल तैनात
मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बैरिकेडिंग कराई है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है। करीब एक सप्ताह से मंदिर के आसपास का अधिकांश हिस्सा तोड़ा जा चुका है, जबकि हनुमानजी की प्रतिमा फिलहाल टेंट में रखी गई है।
मंदिर में बढ़ती भीड़ के कारण श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने पर भी प्रशासन का ध्यान है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षों में मंदिर के आसपास इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु नहीं देखे गए।
IIT इंदौर की टीम फिर करेगी जांच
प्रतिमा को हटाने की कोशिशों को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच IIT इंदौर की टीम सोमवार को मंदिर पहुंची थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच की थी। अब टीम गुरुवार को एक बार फिर खड़े हनुमान मंदिर पहुंचकर जांच करेगी।
दूसरी ओर, अलग-अलग शहरों से आए श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों के जरिए मंदिर से जुड़ी खबरें देखीं। इसके बाद उन्होंने उज्जैन पहुंचकर खड़े हनुमानजी के दर्शन करने का फैसला किया।
प्रशासन ने कहा- प्रतिमा हटाने का कोई प्रयास नहीं हुआ
सोशल मीडिया पर लगातार चल रही खबरों के बीच उज्जैन जिला प्रशासन ने बुधवार को प्रेस नोट जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की। प्रशासन के अनुसार, हनुमानजी की प्रतिमा को हटाने या विस्थापित करने का अब तक मशीन या मानवीय तरीके से कोई प्रयास नहीं किया गया है।
प्रशासन ने कहा कि खड़े हनुमानजी की प्रतिमा का विषय उज्जैनवासियों और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है। श्रद्धालुओं की भावनाओं, प्रतिमा की सुरक्षा और उज्जैन की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर प्रतिमा को हटाने के कई प्रयास किए जाने की खबरों को भ्रामक बताया है।
भक्तों ने प्रशासन के दावे पर उठाए सवाल
प्रशासन के बयान के बाद कुछ श्रद्धालुओं और मंदिर से जुड़े लोगों ने इसका विरोध किया। उनका कहना है कि प्रतिमा को हटाने के प्रयास से जुड़े वीडियो उनके पास मौजूद हैं और जरूरत पड़ने पर वे इन्हें अधिकारियों को दिखा सकते हैं।
मंदिर से जुड़े शैलू यादव ने कहा कि प्रशासन को जनभावना का सम्मान करते हुए हनुमानजी को मौजूदा स्थान पर ही रहने देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम अधिकारी हिमांशु तिवारी के सामने गड्ढा खोदा गया था। इसके बाद पुरातत्व विभाग की टीम भी मौके पर आई थी और रात में कटर मशीन भी लाई गई थी।
संत और कांग्रेस नेता भी पहुंचे मंदिर
मंदिर से जुड़े विवाद और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को कई संत भी यहां पहुंचे। कांग्रेस विधायक महेश परमार और विधायक दिनेश जैन बोस समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी मंदिर पहुंचे।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। उन्होंने प्रतिमा से जुड़ी कार्रवाई का विरोध किया और इसे श्रद्धालुओं की आस्था से जोड़कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
प्रतिमा की दिशा बदलने को लेकर भी चिंता
श्रद्धालुओं के बीच मंदिर को स्थानांतरित किए जाने की स्थिति में प्रतिमा की दिशा बदलने को लेकर भी चर्चा है। वर्तमान में खड़े हनुमानजी की प्रतिमा का मुख दक्षिण दिशा की ओर है। प्रशासन की ओर से टंकी चौराहे पर मंदिर के लिए प्रस्तावित स्थान पर प्रतिमा स्थापित होने पर उसका मुख उत्तर दिशा की ओर हो जाएगा।
श्रद्धालुओं का कहना है कि प्रतिमा की दिशा में बदलाव धार्मिक और आध्यात्मिक मान्यताओं से जुड़ा विषय है। प्रतिमा को तीन बार स्थानांतरित करने की कोशिश विफल होने के दावों के बाद कई भक्त इसे भगवान की इच्छा मान रहे हैं और मंदिर को मौजूदा स्थान पर बनाए रखने की मांग कर रहे हैं।









