UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू, छात्रों के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं-12वीं परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो गई हैं। 53.37 लाख छात्र 8033 केंद्रों पर परीक्षा दे रहे हैं|

यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से पूरे प्रदेश में शुरू हो गई हैं। करीब 53.37 लाख छात्र 8033 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दे रहे हैं। नकल रोकने के लिए कमांड सेंटर, लाइव मॉनिटरिंग और हेल्पलाइन नंबर जैसे कड़े इंतजाम किए गए हैं।

UP Board Exam 2026: उत्तर प्रदेश में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं आज 18 फरवरी से शुरू हो गई हैं, जो 12 मार्च 2026 तक चलेंगी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के तहत आयोजित इन परीक्षाओं में पूरे राज्य से 53.37 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए लखनऊ और प्रयागराज में कमांड एंड कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जबकि छात्रों और अभिभावकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी समस्या का तुरंत समाधान हो सके।

नकल रोकने के लिए हाईटेक निगरानी व्यवस्था

यूपी बोर्ड परीक्षाओं की निगरानी के लिए राजधानी लखनऊ में दो कमांड एंड कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जबकि मुख्यालय प्रयागराज में भी एक अत्याधुनिक कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। यहां से प्रदेश के 18 मंडलों और 75 जिलों के परीक्षा केंद्रों और स्ट्रॉन्ग रूम की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है।

मुख्यालय के कंट्रोल रूम में 24 घंटे तीन शिफ्ट में कर्मचारी तैनात हैं। इसके अलावा सभी क्षेत्रीय कार्यालयों और जिला स्तर पर डीआईओएस कार्यालयों में भी कंट्रोल रूम सक्रिय हैं, ताकि किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू, छात्रों के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

परेशानी में काम आएंगे ये हेल्पलाइन नंबर

परीक्षार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की मदद के लिए यूपी बोर्ड ने दो हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5312 और 1800-180-5310 जारी किए हैं। ये नंबर 3 फरवरी से सक्रिय हैं, जहां परीक्षा से जुड़ी समस्याओं और मानसिक तनाव से जुड़े सवालों का समाधान किया जा रहा है।

इसके अलावा लखनऊ स्थित राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम के टोल-फ्री नंबर 18001806607 और 18001806608 भी जारी किए गए हैं। ईमेल, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए भी शिकायत और सुझाव दर्ज कराए जा सकते हैं।

संवेदनशील जिलों और केंद्रों पर सख्त नजर

माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी के अनुसार, परीक्षा को देखते हुए 18 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है। वहीं 222 परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील और 683 संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं।

इन केंद्रों पर एसटीएफ और स्थानीय खुफिया इकाइयों को सक्रिय किया गया है। अति संवेदनशील केंद्रों का दिन में दो बार निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि नकल या किसी भी तरह की अनियमितता पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Leave a comment