उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दल शिवसेना (शिंदे गुट) ने भी चुनाव में हिस्सा लेने का ऐलान किया है, जिससे राज्य के अन्य छोटे दलों की धड़कने बढ़ सकती हैं।
UP Politics: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों में से एक शिवसेना (शिंदे गुट) ने बड़ा दावा किया है। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने साफ कर दिया है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय रूप से हिस्सा लेगी और पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी। यह स्पष्ट संकेत है कि शिवसेना भी यूपी की राजनीतिक लड़ाई में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है।
शिवसेना के मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक अभिषेक वर्मा ने बताया कि पार्टी बीजेपी के साथ गठबंधन को मानते हुए चुनाव लड़ेगी। इसके तहत उत्तर प्रदेश में कुछ सीटों पर शिवसेना अपने उम्मीदवार उतारेगी, जिससे गठबंधन के प्रदर्शन को और भी मजबूती मिलेगी। यह कदम राज्य में राजग की रणनीति को और व्यापक बनाने की दिशा में लिया गया है।
शिवसेना ने पेश की अपनी दावेदारी
शिवसेना के मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक अभिषेक वर्मा ने स्पष्ट किया कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में NDA के सहयोगी के तौर पर कुछ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। वर्मा ने कहा, “हम बीजेपी को बड़ा मानकर चुनाव लड़ेंगे। उत्तर प्रदेश में हमारी पार्टी कुछ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और संगठन को और मजबूत बनाएंगे। हमारा लक्ष्य एक हिंदू पार्टी के रूप में उत्तर प्रदेश में अपनी पहचान बनाना है।”
वर्मा इस अवसर पर निषाद पार्टी के कार्यक्रम में पहुंचे और प्रदेश में शिवसेना की बैठक में भी भाग लिया। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी आगामी जिला पंचायत, नगर पंचायत और निकाय चुनावों में भी सक्रिय रूप से हिस्सा लेगी। साथ ही, उन्होंने यह उम्मीद जताई कि बीजेपी के साथ तालमेल के तहत उन्हें कुछ सीटों पर भागीदारी मिलेगी।

उत्तर भारतीयों पर आरोपों का जवाब
मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल पर कि महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों के साथ होने वाली घटनाओं और भेदभाव के आरोपों के बारे में क्या राय है, वर्मा ने कहा कि शिवसेना गुंडागर्दी नहीं करती। उन्होंने यह भी जोड़ा कि ऐसी घटनाओं के पीछे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और उद्धव ठाकरे गुट जिम्मेदार हैं। वर्मा ने मजाकिया अंदाज में कहा, “अगर उत्तर भारतीयों के साथ इतनी ही दिक्कत है, तो बॉलीवुड में भी यह शिकायत करें।”
उत्तर प्रदेश में अब तक छोटे दलों जैसे सुभासपा, निषाद पार्टी और अपना दल (एस) ने स्पष्ट किया है कि वे पंचायत चुनाव अकेले लड़ेंगे। वहीं, विधानसभा चुनाव के लिए रणनीतिक दावेदारी पहले ही पेश की जा चुकी है। ऐसे में शिवसेना की एंट्री से यह देखना दिलचस्प होगा कि किस दल का खेल प्रभावित होगा और किसका लाभ।
राज्य में राजनीतिक विश्लेषक मान रहे हैं कि शिवसेना का यह कदम NDA में सहयोगियों के बीच संतुलन को प्रभावित कर सकता है। विशेष रूप से, उत्तर प्रदेश की सियासी पृष्ठभूमि में बीजेपी का मजबूत आधार है, लेकिन छोटे दलों का वोट बैंक हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। शिवसेना की मौजूदगी से कुछ सीटों पर वोटों का बंटवारा हो सकता है, जिससे छोटे दलों को चुनौती मिल सकती है।
बीजेपी के साथ तालमेल
अभिषेक वर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी बीजेपी के साथ तालमेल बनाए रखेगी और सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी रहेगी। उन्होंने कहा, “हमने बीजेपी से मांग की है और आगे भी करेंगे कि कुछ सीटों पर हमें हिस्सा मिले। हमारा लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि संगठन को मजबूत करना और उत्तर प्रदेश में अपनी पहचान बनाना है।”
विशेषज्ञों का कहना है कि शिवसेना की इस घोषणा से उत्तर प्रदेश की सियासी स्थिति और जटिल हो सकती है। बड़े दलों के अलावा छोटे दलों के वोट बैंक पर भी असर पड़ेगा। इससे पंचायत चुनावों में स्थानीय दलों की रणनीतियों में बदलाव आ सकता है और विधानसभा चुनाव में नई समीकरण बन सकते हैं।












