UPPSC ने RO-ARO भर्ती 2023 के तहत हिन्दी टाइपिंग टेस्ट का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह कंप्यूटर आधारित परीक्षा 16 से 19 फरवरी 2026 तक लखनऊ में दो शिफ्ट में होगी। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड, पहचान पत्र और तय समय का विशेष ध्यान रखना होगा।
UPPSC RO-ARO Typing Test: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी भर्ती के अगले चरण के रूप में हिन्दी टाइपिंग परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की है। यह परीक्षा 16 फरवरी से 19 फरवरी 2026 तक लखनऊ के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज में होगी। परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी और प्रतिदिन दो शिफ्ट में कराई जाएगी। आयोग के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया पूरी करने के लिए यह टेस्ट देना अनिवार्य है, इसलिए सभी उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड पर दिए गए निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा।
कब और कैसे होगी टाइपिंग परीक्षा
UPPSC के अनुसार हिन्दी टाइपिंग टेस्ट पूरी तरह कंप्यूटर आधारित होगा। परीक्षा चार दिनों तक चलेगी और हर दिन दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी।
उम्मीदवारों को अपनी शिफ्ट और रिपोर्टिंग टाइम की जानकारी एडमिट कार्ड से ही मिलेगी। आयोग ने साफ किया है कि बिना सही समय और शिफ्ट की जानकारी के परीक्षा केंद्र पहुंचने पर परेशानी हो सकती है, इसलिए एडमिट कार्ड ध्यान से पढ़ना जरूरी है।

परीक्षा केंद्र और जरूरी नियम
यह टाइपिंग परीक्षा लखनऊ स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज में कराई जाएगी। आयोग के निर्देश के अनुसार परीक्षा केंद्र का गेट परीक्षा शुरू होने से करीब 1 घंटा 30 मिनट पहले खोल दिया जाएगा। वहीं परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
उम्मीदवारों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी स्थिति में परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
फॉन्ट, दस्तावेज और एडमिट कार्ड
हिन्दी टाइपिंग टेस्ट में उम्मीदवारों को दो फॉन्ट का विकल्प मिलेगा। वे क्रुति देव 010 या मंगल इनस्क्रिप्ट फॉन्ट में टाइपिंग कर सकते हैं। दोनों फॉन्ट आयोग द्वारा मान्य हैं और उम्मीदवार अपनी सुविधा के अनुसार चयन कर सकते हैं।
परीक्षा के दिन एडमिट कार्ड की प्रिंट कॉपी, दो पासपोर्ट साइज फोटो और एक वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। आधार कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस पहचान पत्र के रूप में मान्य होंगे।









