उत्तर भारत में घने कोहरे और भीषण शीत लहर का अलर्ट, दिल्ली-यूपी समेत 15 शहरों में IMD ने जारी की चेतावनी

उत्तर भारत में घने कोहरे और भीषण शीत लहर का अलर्ट, दिल्ली-यूपी समेत 15 शहरों में IMD ने जारी की चेतावनी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत में आगामी दिनों के लिए घने कोहरे और भीषण शीत लहर की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 से 12 दिसंबर तक उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और उत्तरी भारत में ठंड के तीव्र प्रभाव के साथ कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में भीषण शीत लहर और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। मध्य, पूर्वी और उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में 10 से 12 दिसंबर तक शीत लहर बनी रहने का अनुमान है। वहीं, उत्तर-पश्चिम और पश्चिमी भारत में भी 10 से 12 दिसंबर तक शीत लहर जारी रहने की संभावना है। 

IMD के अनुसार, 10 से 13 दिसंबर तक असम और मणिपुर के अलग-अलग इलाकों में और 10 दिसंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश व ओडिशा में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

15 शहरों में कोहरे का अलर्ट

IMD ने कानपुर, लखनऊ, आगरा, टुंडला, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, अमृतसर, फरीदकोट, रूपनगर, नैनीताल, मसूरी, मनाली, शिमला, कुफरी और केलोंग सहित लाहौल स्पीति के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

दिल्ली में 10 दिसंबर को हल्का कोहरा रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, 11 दिसंबर को घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है, जबकि तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सुबह के समय कोहरा दृश्यता को प्रभावित करेगा। साथ ही तेज हवाओं के धीमे होने पर प्रदूषण स्तर बढ़ने की संभावना भी है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में शीत लहर की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, अमरोहा, संभल, रामपुर और बिजनौर में सुबह के समय दृश्यता 150 मीटर से कम रह गई। इसके अलावा, कानपुर, लखनऊ, आगरा और प्रयागराज में भी घना कोहरा देखने को मिल सकता है। IMD ने कहा है कि सुबह बाहर जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

बिहार में अगले 48 घंटों में शीत लहर का असर बढ़ने की संभावना है। वहां की हवा की गति लगभग 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। इसके कारण न्यूनतम तापमान और नीचे खिसक सकता है। कई जिलों में रात का पारा 8 डिग्री से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

पंजाब, राजस्थान और हरियाणा का हाल

पंजाब और हरियाणा में ठंड का असर तेज है। मंगलवार को रूपनगर सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले सप्ताह अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। राजस्थान के सीकर, चूरू, झुंझुनू, डीडवाना-कुचामन और नागौर जिलों में शीतलहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में फतेहपुर में तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस और नागौर में 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अगले 48 घंटों में और अधिक गिरावट की संभावना है।

IMD ने बताया कि मध्य, पूर्वी और उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में 10 से 12 दिसंबर तक ठंड का असर रहेगा। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम और पश्चिमी भारत में भी शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। असम और मणिपुर के कुछ इलाकों में भी 10-13 दिसंबर तक शीतलहर और घने कोहरे की संभावना है।

Leave a comment