Columbus

उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट, राजस्थान-महाराष्ट्र में चलेगी आंधी, जानिए आज का वेदर अपडेट

देश के विभिन्न हिस्सों में मई महीने की शुरुआत मौसम के बदले मिजाज के साथ हो रही है। उत्तर भारत से लेकर पश्चिम और दक्षिण भारत तक कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी है। उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है।

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में हाल ही में चली तेज हवाओं और बारिश से गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौजूदा मौसम में अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23-24 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और यह राहत भरा मौसम बना रहेगा।

आज, यानी 7 मई के बाद हवाओं की गति 15-20 किलोमीटर प्रति घंटा तक बढ़ने की संभावना है, और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज के साथ बिजली भी कड़क सकती है। 9 और 10 मई को हल्के बादल छाए रहने की संभावना है और तापमान अधिकतम 35-37 डिग्री और न्यूनतम 25-17 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। हालांकि, इस दौरान गर्मी ज्यादा महसूस नहीं होगी, जिससे दिल्लीवासियों को राहत मिलेगी।

उत्तराखंड में रेड अलर्ट, चारधाम यात्रा पर असर

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 8 मई को उत्तरकाशी जिले में भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी ऑरेंज और येलो अलर्ट के तहत प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इससे चारधाम यात्रा पर भी असर पड़ सकता है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से पहाड़ी रास्तों पर सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम विभाग ने बताया कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जिससे रास्ते बंद हो सकते हैं।

दिल्ली-NCR में राहत, तापमान में गिरावट

दिल्ली और एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से जारी हल्की बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहावना बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23-24 डिग्री के आसपास बना रहेगा। 9 और 10 मई को भी मौसम में नमी बनी रहेगी, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी। हवा की रफ्तार 15-20 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी सुधार आने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश: गर्मी से राहत, फिर बढ़ेगा तापमान

उत्तर प्रदेश में भी मौसम सुहावना बना हुआ है। प्रयागराज में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस जबकि बरेली में न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री दर्ज किया गया। अगले दो दिन तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तापमान में 2-4 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। 8 मई को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। वहीं, 9-10 मई को पश्चिमी यूपी में फिर से बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम साफ रह सकता है।

राजस्थान में आंधी-बारिश से लू से राहत

राजस्थान में इस सप्ताह मौसम में जबरदस्त बदलाव देखने को मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 7 मई तक राज्य के दक्षिण-पूर्व और पश्चिमी हिस्सों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी संभावना है। इस वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लू से राहत मिली है। हालांकि, 12 मई के बाद तापमान में 3-5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। वर्तमान में राज्य के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके कारण ये बदलाव हो रहे हैं।

महाराष्ट्र: मुंबई और कोंकण में येलो अलर्ट

महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। कोंकण क्षेत्र के तापमान में गिरावट आई है जबकि मुंबई में आर्द्रता का स्तर बढ़ गया है, जिससे उमस बनी हुई है। मध्य महाराष्ट्र के नासिक, पुणे, कोल्हापुर और सांगली जैसे जिलों में भी 8 मई तक बारिश की चेतावनी दी गई है।

आंध्र प्रदेश: 9 मई तक गरज-बारिश की चेतावनी

आंध्र प्रदेश में भी मौसम विभाग ने 5 से 9 मई तक भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, दक्षिण तटीय आंध्र और रायलसीमा के इलाकों में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे नुकसान की संभावना भी जताई जा रही है। प्रशासन ने मछुआरों और समुद्र किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Leave a comment