उत्तराखंड की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी का एक विवादित बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में विधायक यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि, जो अधिकारी मेरी नहीं सुनेगा, वह मेरे जूते की सुनेगा।
देहरादून: भाजपा विधायक भरत चौधरी के विवादित बयान पर पार्टी का प्रांतीय नेतृत्व संज्ञान लेने की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मामले से जुड़ी जानकारियां जुटाई जा रही हैं और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के दिल्ली से लौटने के बाद इस पर निर्णय लिया जाएगा। रुद्रप्रयाग से विधायक भरत चौधरी का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह मंच से भाषण के दौरान यह कहते सुने जा रहे हैं कि जो अधिकारी उनकी नहीं सुनेगा, वह उनके जूते की सुनेगा। इस बयान से भाजपा असहज स्थिति में आ गई है, जबकि विपक्ष को पार्टी पर हमला बोलने का मुद्दा मिल गया है।
वायरल वीडियो से बढ़ी मुश्किलें
यह वीडियो कथित तौर पर एक सार्वजनिक कार्यक्रम का है, जहां विधायक भरत चौधरी मंच से संबोधित करते हुए अधिकारियों को लेकर यह आपत्तिजनक टिप्पणी करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई यूजर्स ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और प्रशासनिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया, जबकि विपक्षी दलों ने इसे सत्ता के अहंकार का उदाहरण करार दिया।
भाजपा के प्रांतीय नेतृत्व ने इस पूरे मामले का संज्ञान लिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बयान के पीछे का संदर्भ और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि विधायक ने यह टिप्पणी किस भाव और किन हालात में की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट फिलहाल दिल्ली में हैं और उनके लौटने के बाद इस मामले पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि पार्टी इस तरह के बयानों को गंभीरता से लेती है, क्योंकि इससे न केवल पार्टी की छवि प्रभावित होती है, बल्कि सरकार और प्रशासन के बीच तालमेल पर भी सवाल खड़े होते हैं।

विपक्ष को मिला हमला करने का मौका
विधायक के इस बयान के बाद विपक्षी दलों ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया है कि सत्ता के नशे में चूर जनप्रतिनिधि प्रशासन को धमकाने की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। विपक्ष का कहना है कि यह बयान दर्शाता है कि भाजपा नेताओं का रवैया अधिकारियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति कितना असम्मानजनक है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि भाजपा को इस मामले में स्पष्ट कार्रवाई करनी चाहिए और विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जानी चाहिए।विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल न केवल अनुचित है, बल्कि यह प्रशासनिक व्यवस्था की स्वतंत्रता पर भी प्रश्नचिह्न लगाता है। लोकतंत्र में निर्वाचित प्रतिनिधि और अधिकारी दोनों की अपनी-अपनी भूमिकाएं और सीमाएं होती हैं, जिनका सम्मान किया जाना आवश्यक है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस तरह के बयान अक्सर तात्कालिक लोकप्रियता या गुस्से में दिए जाते हैं, लेकिन इनके दूरगामी राजनीतिक और कानूनी परिणाम हो सकते हैं।











