सोशल मीडिया पर अपने अनोखे और सilent रिएक्शन वीडियो से दुनियाभर में मशहूर हुए टिकटॉक स्टार खाबी लेम अब विवादों में घिर गए हैं। अमेरिका में उन्हें इमिग्रेशन विभाग द्वारा हिरासत में ले लिया गया, जिससे उनके फैंस हैरान रह गए।
Khaby Lame in Custody: इंटरनेट सनसनी खाबी लेम, जिनका मजाकिया एक्सप्रेशन स्टाइल और बिना बोले बड़ी बात कह देना उन्हें TikTok पर सबसे ज़्यादा फॉलो किया गया शख्स बना चुका है, अब एक अप्रत्याशित कानूनी विवाद में फंस गए हैं। अमेरिका यात्रा के दौरान वीजा नियमों के उल्लंघन पर उन्हें हिरासत में लिया गया और इसके बाद उन्हें अमेरिका छोड़ना पड़ा। इस घटना ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है और यह भी सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या वह भविष्य में फिर से अमेरिका लौट पाएंगे?
क्या हुआ अमेरिका में?
खाबी लेम, जिनका असली नाम सेरिंगे खबेन लेम है, अप्रैल 2025 के आखिरी हफ्ते में अमेरिका आए थे। उन्हें अमेरिका में विभिन्न प्रमोशनल इवेंट्स, फैशन शो और सोशल मीडिया ब्रांड एक्टिविटीज में हिस्सा लेना था। इनमें सबसे प्रमुख था मेट गाला 2025, जहां उन्होंने अपनी उपस्थिति से फैशन की दुनिया में भी सुर्खियां बटोरीं।
हालांकि, जैसे ही उनकी वीजा वैधता की अवधि समाप्त हुई, वह अमेरिका में रहना जारी रखे। अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) ने उन्हें लास वेगास के हैरी रीड इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया।
डिपोर्ट नहीं, लेकिन...
ICE ने खाबी को डिपोर्टेशन की प्रक्रिया में नहीं डाला, बल्कि उन्हें एक विकल्प दिया गया – या तो वे स्वेच्छा से अमेरिका छोड़ दें, या फिर औपचारिक रूप से डिपोर्ट किए जाएं। खाबी ने समझदारी दिखाते हुए पहला विकल्प चुना और अमेरिका छोड़ दिया। इससे उन्हें अपने इमिग्रेशन रिकॉर्ड पर डिपोर्टेशन का स्थायी दाग नहीं लगा, लेकिन यह भी साफ है कि अब उनकी अमेरिका में दोबारा एंट्री कानूनी चुनौतियों के अधीन होगी। ऐसे मामलों में आमतौर पर कुछ वर्षों का प्रतिबंध भी लग सकता है।
अमेरिका में फिर आएंगे खाबी?
इमिग्रेशन कानूनों के जानकारों के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति स्वेच्छा से अमेरिका छोड़ता है और उस पर कोई गंभीर अपराध का मामला दर्ज नहीं है, तो वह दोबारा अमेरिका आने के लिए नई वीजा प्रक्रिया से गुजर सकता है। लेकिन इसमें समय, दस्तावेज़ी जांच और गारंटी जैसी लंबी प्रक्रिया होती है।
इसका मतलब है कि खाबी को यदि अमेरिका लौटना है, तो उन्हें शायद कई महीनों या वर्षों तक इंतजार करना पड़े।
यह मामला ऐसे समय पर सामने आया है जब अमेरिका में इमिग्रेशन पर कड़ा रवैया अपनाया जा रहा है। ट्रंप प्रशासन के बाद भी अमेरिकी इमिग्रेशन नीतियों में नरमी नहीं आई है, और ICE की सक्रियता बढ़ी है। हाल ही में लॉस एंजेल्स, शिकागो और मियामी में भी कई हाई-प्रोफाइल रेड्स हुए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि खाबी का मामला इस अभियान की एक और कड़ी है, जिसमें “विज़िट वीजा” पर आए सेलिब्रिटीज़ और बिज़नेस ट्रैवलर्स की कड़ी निगरानी की जा रही है।
खाबी लेम: एक ग्लोबल सेंसेशन
खाबी लेम की कहानी कुछ साल पहले कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान शुरू हुई थी, जब उन्होंने TikTok पर बिना बोले सिर्फ अपने चेहरे के एक्सप्रेशन से कॉमेडी की शुरुआत की। उन्होंने जटिल "लाइफ हैक्स" का मजाक उड़ाते हुए जो वीडियोज़ बनाए, उन्होंने करोड़ों लोगों को हंसाया। आज उनके TikTok पर 162 मिलियन फॉलोअर्स हैं, जिससे वह इस प्लेटफॉर्म के नंबर-1 क्रिएटर बन चुके हैं। उनकी लोकप्रियता ने उन्हें Hugo Boss जैसे फैशन ब्रांड से जोड़ दिया और हाल ही में उन्हें UNICEF का गुडविल एंबेसडर भी बनाया गया।
सेनेगल में जन्मे खाबी बचपन में ही अपने माता-पिता के साथ इटली आ गए थे। वहीं उनकी परवरिश हुई और उन्होंने एक फैक्ट्री वर्कर से TikTok स्टार बनने का सफर तय किया। वह अब एक इतालवी नागरिक हैं।