अंबिकापुर में व्यवसायी अनिल अग्रवाल पर हमला कर 20 लाख रुपए का बैग लूट लिया गया। घायल व्यवसायी को निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
Chhattisgarh: रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे अंबिकापुर के सत्तीपारा क्षेत्र में मोबाइल डीलर और हिंदुस्तान यूनिलीवर फ्रेंचाइजी संचालक अनिल अग्रवाल पर हमला हुआ। अनिल अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रानी सती मंदिर कालोनी की ओर मुड़े, अज्ञात बदमाश सामने आ गए और बांस के मोटे डंडे से सिर पर हमला किया। अचानक हुए हमले में अनिल स्कूटी से गिरकर बेहोश हो गए।
इस बीच बदमाश रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल अनिल को देखकर परिजनों को सूचना दी। उन्हें निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अनिल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
लूट की राशि
अनिल अग्रवाल ने बताया कि बैग में दिनभर का कलेक्शन था, जिसकी कुल रकम लगभग 20 लाख रुपए थी। इसमें मोबाइल के सब डीलरों द्वारा जमा की गई राशि और हिंदुस्तान यूनिलीवर के सब डीलरों की रकम शामिल थी।
अनिल ने बताया कि बदमाशों ने उनकी रोज की दिनचर्या रैकी कर रखी थी। वह प्रतिदिन 9.30 से 10 बजे के बीच दुकान बंद करके घर लौटते थे। इस रूट और समय की जानकारी का फायदा उठाकर बदमाशों ने यह वारदात अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना स्थल व्यवसायी के घर से केवल 300 मीटर दूर था।
पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। शुरुआती पूछताछ में संदिग्ध से महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। अधिकारी आश्वस्त हैं कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
अनिल अग्रवाल के राम मंदिर के पास “अग्रवाल इंटरप्राइजेस इंद्रप्रस्थ” नाम की होलसेल दुकान है। पुलिस पूरे मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है और वारदात में शामिल अन्य बदमाशों को पकड़ने के लिए अभियान चला रही है।











