WhatsApp जल्द ही Ad Free Subscription मॉडल पर काम कर सकता है, जिसमें यूजर्स को स्टेटस और चैनल्स में दिखने वाले विज्ञापनों से छुटकारा पाने के लिए पैसे देने होंगे। हालांकि अभी कीमत और फीचर्स को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है, लेकिन फ्री यूजर्स को विज्ञापनों के साथ ऐप इस्तेमाल करना पड़ सकता है।
WhatsApp Ad Free Subscription: WhatsApp यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव आने वाला है, क्योंकि Meta कंपनी ऐप में सब्सक्रिप्शन आधारित मॉडल लाने की तैयारी कर रही है। हाल ही में WhatsApp के नए वर्जन 2.26.3.9 के कोड में ऐसे संकेत मिले हैं, जो स्टेटस और चैनल्स सेक्शन से विज्ञापन हटाने के पेड ऑप्शन की ओर इशारा करते हैं। यह बदलाव आने वाले समय में ग्लोबल लेवल पर लागू किया जा सकता है, ताकि Meta विज्ञापनों के जरिए कमाई बढ़ा सके और यूजर्स को एक Ad Free एक्सपीरियंस का विकल्प दिया जा सके।
WhatsApp Ad Free Subscription क्या है?
WhatsApp Ad Free Subscription का मकसद यूजर्स को विज्ञापन से राहत देना है। फिलहाल Meta ने WhatsApp के स्टेटस और चैनल्स सेक्शन में विज्ञापनों की टेस्टिंग शुरू कर दी है, जिसे लेकर पहले भी यूजर्स ने नाराजगी जताई थी।
नए सब्सक्रिप्शन प्लान के तहत जो यूजर्स पैसे देंगे, उन्हें स्टेटस और चैनल्स में दिखने वाले विज्ञापनों से छुटकारा मिल सकता है। यानी WhatsApp पर उनका अनुभव पूरी तरह Ad Free होगा।

पैसे नहीं दिए तो क्या होगा?
अगर कोई यूजर WhatsApp Subscription नहीं लेता है, तो उसे स्टेटस और चैनल्स सेक्शन में लगातार विज्ञापन देखने पड़ सकते हैं। फिलहाल संकेत यही हैं कि बाकी चैट, कॉल या ग्रुप फीचर्स पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
सरल शब्दों में कहें तो फ्री यूजर्स को विज्ञापनों के साथ WhatsApp इस्तेमाल करना होगा, जबकि सब्सक्रिप्शन लेने वालों को क्लीन और बिना रुकावट वाला इंटरफेस मिलेगा।
सब्सक्रिप्शन की कीमत और फीचर्स पर सस्पेंस
अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि WhatsApp Ad Free Subscription की कीमत कितनी होगी। साथ ही यह भी तय नहीं है कि विज्ञापन हटाने के अलावा इसमें और कौन-कौन से एक्स्ट्रा फीचर्स दिए जाएंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिलहाल Meta का फोकस सिर्फ स्टेटस और चैनल्स में दिखने वाले विज्ञापनों पर है। यानी WhatsApp पूरी तरह पेड नहीं होगा, बल्कि एक वैकल्पिक सब्सक्रिप्शन मॉडल अपनाया जा सकता है।









