WPL 2026: नंदिनी शर्मा ने एक ओवर में झटके 4 विकेट, बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

WPL 2026: नंदिनी शर्मा ने एक ओवर में झटके 4 विकेट, बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

WPL 2026 के मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। टीम के लिए सोफी डिवाइन ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया, वहीं एशले गार्डनर ने भी महत्वपूर्ण रन जोड़े।

स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय महिला क्रिकेट में एक बार फिर इतिहास रचते हुए नंदिनी शर्मा ने WPL 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए नंदिनी ने गुजरात जायंट्स के खिलाफ गेंदबाजी के दौरान हैट्रिक लेकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। इसके अलावा उन्होंने एक ही ओवर में चार विकेट लेकर क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित कर दिया।

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात जायंट्स ने 209 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। टीम की बल्लेबाजी में सोफी डिवाइन और एशले गार्डनर ने अहम भूमिका निभाई। सोफी डिवाइन ने अपनी आक्रामक पारी के दम पर टीम को गति दी, जबकि एशले गार्डनर ने मैच में संतुलन बनाए रखा। इन दोनों बल्लेबाजों की बल्लेबाजी के दम पर गुजरात जायंट्स का स्कोर 200 के पार पहुंचा।

नंदिनी शर्मा का कमाल

दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने मैच में अपनी जबरदस्त गेंदबाजी से विरोधी बल्लेबाजों की धज्जियां उड़ाई। नंदिनी ने 20वां ओवर में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसे क्रिकेट इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा। इस ओवर की शुरुआत में नंदिनी ने पहली गेंद पर सिर्फ एक रन दिया। दूसरी गेंद पर उन्होंने काशवी गौतम को पवेलियन भेजा। तीसरी गेंद पर फिर एक रन दिया। 

चौथी गेंद पर कनिका आहूजा को आउट किया। पांचवीं गेंद पर राजेश्वरी गायकवाड़ को क्लीन बोल्ड किया और छठी गेंद पर रेणुका सिंह को पवेलियन भेजा। इस ओवर में उन्होंने कुल चार विकेट झटके और साथ ही अपनी हैट्रिक भी पूरी की।

WPL में इतिहास रचने वाली दूसरी भारतीय

नंदिनी शर्मा WPL के इतिहास में हैट्रिक लेने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले यह कारनामा दीप्ति शर्मा ने WPL 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ किया था। नंदिनी की इस उपलब्धि ने महिला क्रिकेट में उनकी प्रतिष्ठा को और मजबूत कर दिया है। इस मैच में नंदिनी शर्मा ने कुल चार ओवर में 33 रन देकर पांच विकेट झटके। 

इस प्रदर्शन से वह दूसरी भारतीय खिलाड़ी भी बन गई हैं, जिन्होंने WPL में एक मैच में पांच विकेट हासिल किए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड आशा शोभना के नाम था, जिन्होंने WPL 2024 में यूपी वॉरियर्स के खिलाफ पांच विकेट हासिल किए थे। नंदिनी ने इस उपलब्धि से अपना नाम भी इतिहास में दर्ज करवा लिया।

Leave a comment