WPL 2027 Retention List: 63 खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजियों ने जताया भरोसा, 27 स्लॉट खाली

WPL 2027 Retention List: महिला प्रीमियर लीग 2027 से पहले फ्रेंचाइजियों ने 63 खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जबकि 27 स्लॉट खाली हैं जानें रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों

महिला प्रीमियर लीग की मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ग्रेस हैरिस को रिलीज कर दिया है। सोमवार को बीसीसीआई की प्लेयर रिटेंशन डेडलाइन खत्म होने के बाद लीग की पांच टीमों ने कुल 63 खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जिसमें 23 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।

स्पोर्ट्स न्यूज़: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के आगामी सीजन के लिए पांचों फ्रेंचाइजियों ने अपनी रिटेंशन और रिलीज सूची तय कर दी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की निर्धारित प्लेयर रिटेंशन डेडलाइन खत्म होने के बाद कुल 63 खिलाड़ियों को टीमों ने बरकरार रखा है। इनमें 23 विदेशी क्रिकेटर शामिल हैं। वहीं, आगामी ऑक्शन में 27 खिलाड़ियों के लिए स्लॉट उपलब्ध होंगे, जिनमें सात विदेशी खिलाड़ियों की जगह शामिल है।

WPL 2027 के लिए टीमों के इस फैसले से कई बड़े नामों के भविष्य को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ग्रेस हैरिस को रिलीज कर दिया है, जबकि टीम ने अपनी प्रमुख भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों की कोर टीम को बरकरार रखा है।

RCB ने चार खिलाड़ियों को किया रिलीज

WPL के पिछले सीजन में खिताब जीतने वाली RCB ने ग्रेस हैरिस के अलावा डी हेमलता, गौतमी नाइक और लिंसी स्मिथ को भी टीम से रिलीज किया है। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एलीस पेरी आगामी सीजन में RCB के लिए उपलब्ध रहने की बात कह चुकी हैं। पेरी पिछले सीजन में टीम के खिताबी अभियान का हिस्सा नहीं थीं।

RCB ने स्मृति मंधाना, रिचा घोष, पूजा वस्त्रकार, राधा यादव और श्रेयंका पाटिल जैसी अहम खिलाड़ियों को रिटेन किया है। टीम की इस सूची में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव रखने वाले कई खिलाड़ी शामिल हैं।

UP Warriorz के पास सबसे बड़ा ऑक्शन पर्स

आगामी WPL ऑक्शन में यूपी वॉरियर्स सबसे बड़े पर्स के साथ उतरेंगी। टीम के पास 3.65 करोड़ रुपये का पर्स उपलब्ध है। फ्रेंचाइजी ने कुल नौ खिलाड़ियों को रिलीज किया है, जो सभी पांच टीमों में सबसे अधिक है। रिलीज किए गए खिलाड़ियों में किरन नवगिरे और डींड्रा डॉटिन जैसे चर्चित नाम भी शामिल हैं। दूसरी ओर, यूपी वॉरियर्स ने दीप्ति शर्मा, मेग लैनिंग, फीबी लिचफील्ड, सोफी एक्लेस्टीन और तारा नॉरिस जैसे खिलाड़ियों को अपने साथ बनाए रखा है।

दिल्ली कैपिटल्स ने छह खिलाड़ियों को छोड़ा

दिल्ली कैपिटल्स ने ऑस्ट्रेलिया की लेग स्पिनर एलाना किंग, स्नेह राणा और लिजेल ली समेत कुल छह खिलाड़ियों को रिलीज किया है। दिल्ली की टीम WPL के अब तक के सभी चार फाइनल खेल चुकी है, लेकिन खिताब अपने नाम नहीं कर पाई है। टीम ने जेमिमा रोड्रिगेज, शेफाली वर्मा, मारिजाने कैप, अनाबेल सदरलैंड और लारा वुल्वाट समेत 13 खिलाड़ियों को रिटेन किया है।

मुंबई और गुजरात ने भी किए बड़े बदलाव

दो बार की WPL चैंपियन मुंबई इंडियंस ने जी कमलिनी और साइका इशाक समेत छह खिलाड़ियों को रिलीज किया है। हालांकि टीम ने कप्तान हरमनप्रीत कौर, अमेलिया केर, हीली मैथ्यूज, नैटली शिवर-ब्रंट और शबनिम इस्माइल जैसे प्रमुख नामों को बरकरार रखा है। गुजरात जायंट्स ने भी अपनी टीम में बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने अनुभवी ऑलराउंडर डैनिएल व्याट-हॉज को रिलीज किया, जबकि एश्ले गार्डनर, बेथ मूनी, सोफी डिवाइन, रेणुका सिंह और यास्तिका भाटिया जैसे खिलाड़ियों को रिटेन किया है।

पांचों टीमों की रिटेन खिलाड़ियों की सूची

  • दिल्ली कैपिटल्स: अनाबेल सदरलैंड, चिनेल्ले हेनरी, दीया यादव, जेमिमा रोड्रिगेज, लारा वुल्वाट, लूसी हैमिल्टन, ममता मादीवाला, मारिजाने कैप, मिन्नू मणि, एन श्री चरणी, नंदिनी शर्मा, निकी प्रसाद और शेफाली वर्मा। 
  • गुजरात जायंट्स: अनुष्का शर्मा, एश्ली गार्डनर, बेथ मूनी, भारती फुलमाली, जॉर्जिया वेयरहम, हैप्पी कुमारी, जिंतीमणि कलिता, कनिका आहूजा, काशवी गौतम, किम गार्थ, राजेश्वरी गायकवाड़, रेणुका सिंह, सोफी डिवाइन, तनुजा कंवर और यास्तिका भाटिया।
  • मुंबई इंडियंस: अमनजोत कौर, अमेलिया केर, हरमनप्रीत कौर, हीली मैथ्यूज, नैटली शिवर-ब्रंट, निकोला कैरी, राहिला फिरदौस, सजीवन सजना, संस्कृति गुप्ता, शबनिम इस्माइल और वैष्णवी शर्मा।
  • रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: अरुंधति रेड्डी, एलीस पेरी, जॉर्जिया वोल, लॉरेन बेल, नडीन डी क्लर्क, पूजा वस्त्रकार, प्रत्यूषा कुमार, प्रेमा रावत, राधा यादव, रिचा घोष, सयाली सतघरे, श्रेयंका पाटिल और स्मृति मंधाना।
  • यूपी वॉरियर्स: दीप्ति शर्मा, हरलीन देओल, क्रांति गौड़, मेग लैनिंग, फीबी लिचफील्ड, प्रतिका रावल, शिखा पांडेय, शिप्रा गिरी, सिमरन शेख, सोफी एक्लेस्टीन और तारा नॉरिस।

WPL 2027 ऑक्शन में अब 27 खाली स्लॉट भरने के लिए फ्रेंचाइजियों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। सात विदेशी खिलाड़ियों के स्लॉट उपलब्ध होने के कारण आगामी नीलामी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों पर भी विशेष नजर रहेगी।

Leave a comment