योगी कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज, मकर संक्रांति के बाद हो सकता है बड़ा राजनीतिक फैसला

योगी कैबिनेट विस्तार को लेकर यूपी की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मकर संक्रांति के बाद योगी सरकार बड़ा राजनीतिक फैसला ले सकती है।
योगी कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज, मकर संक्रांति के बाद हो सकता है बड़ा राजनीतिक फैसला

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मकर संक्रांति के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल की संभावनाएं प्रबल मानी जा रही हैं। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया भी शुरू होने वाली है। 

लखनऊ: मकर संक्रांति के बाद प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल में फेरबदल की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके साथ ही भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया भी शुरू होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक संगठन और सरकार के बीच अदला-बदली का फार्मूला अपनाया जा सकता है। मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई कोर कमेटी की बैठक में इस मुद्दे पर गहन मंथन किया गया। माना जा रहा है कि दिल्ली से हरी झंडी मिलते ही मंत्रिमंडल में बदलाव पर अमल किया जाएगा, जिसके बाद संगठन के पुनर्गठन का काम भी गति पकड़ेगा।

सीएम आवास पर कोर कमेटी की अहम बैठक

हाल ही में लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा की कोर कमेटी की एक लंबी और महत्वपूर्ण बैठक हुई। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री—केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक—भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के क्षेत्र प्रचारक पूर्वी अनिल व पश्चिमी महेन्द्र कुमार मौजूद रहे।

यह बैठक इसलिए भी खास रही क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी की यह पहली कोर कमेटी बैठक थी। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, बैठक का एजेंडा सिर्फ मौजूदा परिस्थितियों की समीक्षा तक सीमित नहीं था, बल्कि भविष्य की चुनावी रणनीति पर भी गहन चर्चा हुई।

योगी कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज, मकर संक्रांति के बाद हो सकता है बड़ा राजनीतिक फैसला

संगठन और सरकार में ‘अदला-बदली’ का फार्मूला

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संगठन और सरकार के बीच अदला-बदली के फार्मूले पर सहमति के संकेत मिले हैं। इसके तहत भाजपा संगठन के कुछ वरिष्ठ और प्रभावशाली चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है, जबकि सरकार में कार्यरत कुछ मंत्रियों को संगठन में अहम जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।

निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी के योगी मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि यह कदम संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से उठाया जा सकता है।

मंत्रिमंडल में रिक्त पदों पर नए चेहरों की एंट्री संभव

वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री सहित कुल 54 मंत्री हैं, जबकि अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव के बाद दो मंत्री—पूर्व पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद और राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि—सांसद बन गए हैं। इसके चलते मंत्रिमंडल में कुछ पद खाली हो गए हैं।

इन रिक्त पदों पर नए चेहरों को मौका दिए जाने की चर्चा जोरों पर है। इसके अलावा, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में कार्य कर रहे कुछ नेताओं को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिए जाने की भी संभावना जताई जा रही है। कोर कमेटी की बैठक के तुरंत बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी दिल्ली रवाना हो गए। 

सूत्रों का कहना है कि वह पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के सामने बैठक में हुई चर्चाओं और प्रस्तावों का पूरा ब्यौरा रखेंगे। दिल्ली से अनुमति मिलते ही मंत्रिमंडल फेरबदल और संगठन पुनर्गठन की प्रक्रिया पर औपचारिक रूप से अमल शुरू हो जाएगा।

Leave a comment