Pune

यूपी में झाड़ियों से निकले मगरमच्छ ने महिला पर किया हमला, नहर में घसीट ले जाने का वीडियो वायरल

यूपी में झाड़ियों से निकले मगरमच्छ ने महिला पर किया हमला, नहर में घसीट ले जाने का वीडियो वायरल

यूपी के बहराइच जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां झाड़ियों में छिपे मगरमच्छ ने एक महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। महिला मवेशी चरा रही थी, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ। इस पूरी घटना का खौफनाक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

झाड़ियों से निकले मगरमच्छ ने अचानक किया हमला

घटना कतर्नियाघाट वन क्षेत्र के चहलवा गांव और निषादनगर इलाके की बताई जा रही है। शुक्रवार शाम को 55 वर्षीय लक्ष्मीना देवी, पत्नी कल्लू, गांव के पास सरयू नहर के किनारे मवेशी चरा रही थीं। तभी झाड़ियों में छिपे एक विशालकाय मगरमच्छ ने उन पर अचानक हमला कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, मगरमच्छ ने महिला को जबड़े में दबोचा और नहर में घसीटते हुए ले गया।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मगरमच्छ महिला को काफी दूर तक खींच चुका था। बताया जा रहा है कि मगरमच्छ महिला को करीब 500 मीटर दूर चमन चौराहा बाजार के पास तक ले गया।

ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी

घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए नहर में उतरकर मगरमच्छ को खदेड़ा और जाल की मदद से महिला के शव को उसके जबड़े से बाहर निकाला। हालांकि तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसे ही उन्हें घटना की खबर मिली, वे जाल लेकर नहर की ओर दौड़ पड़े। मगरमच्छ ग्रामीणों को देखकर भागता रहा, लेकिन काफी मशक्कत के बाद शव को बरामद कर लिया गया। घटना के बाद नहर के पुल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

वन विभाग और पुलिस मौके पर

सूचना मिलते ही वन विभाग के रेंजर अब्दुल सलाम मौके पर पहुंचे और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। वहीं, ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक महिला के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन सदमे में हैं और गांव के लोग भी भयभीत हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में मगरमच्छों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।

Leave a comment