Jharkhand Election 2024: JMM ने स्टार प्रचारकों की नई सूची की जारी, देखें किन दिग्गज नेताओं को मिली जगह, पढ़े पूरी सूची

Jharkhand Election 2024: JMM ने स्टार प्रचारकों की नई सूची की जारी, देखें किन दिग्गज नेताओं को मिली जगह, पढ़े पूरी सूची
Last Updated: 1 घंटा पहले

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए झामुमो ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के परिवार के कई प्रमुख नेता शामिल हैं, जैसे कल्पना सोरेन, शिबू सोरेन, और नलिन सोरेन। इसके साथ ही, भाजपा से इस्तीफा देकर झामुमो में शामिल हुए नेताओं को भी स्थान दिया गया है, जिनमें लुइस मरांडी और लक्ष्मण टुडू शामिल हैं।

Jharkhand Election: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने मंगलवार को अपने स्टार प्रचारकों की संशोधित सूची जारी की, जिसमें नए नामों को जोड़ा गया है। इस सूची में भाजपा को छोड़कर झामुमो में शामिल हुए नेताओं को भी शामिल किया गया है। प्रमुख नेताओं में हेमंत सोरेन, शिबू सोरेन, और कल्पना सोरेन जैसे दिग्गजों के नाम शामिल हैं।

झामुमो के स्टार प्रचारकों का लिस्ट में नाम

स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शिबू सोरेन, हेमंत सोरेन, नलिन सोरेन, स्टीफन मरांडी, मथुरा प्रसाद महतो, सविता महतो, बसंत सोरेन, सरफराज अहमद, बैद्यनाथ राम, विनोद पांडेय, मिथिलेश ठाकुर, कल्पना मुर्मू सोरेन, लुइस मरांडी, फागु बेसरा, सुप्रियो भट्टाचार्य, दीपक बिरुआ, सुदिव्य कुमार सोनू, मोहन कर्मकार, अभिषेक कुमार पिंटू, जोबा मांझी, विजय हांसदा, महुआ माजी, निरल पूर्ति, रामदास सोरेन, हिदायतुल्लाह खान, दशरथ गगराई, हफिजुल हसन, बेबी महतो, सुखराम उरांव, भूषण तिर्की, मंगल कालिंदी, राजू गिरी, हेमलाल मुर्मू, मनोज कुमार पांडेय, सुनील श्रीवास्तव, कुणाल षाडंगी, लक्ष्मण टुडू, उमाकांत रजक प्रमुख हैं।

पूर्व मंत्री चुन्ना सिंह झामुमो में शामिल

झारखंड की राजनीति में एक नया मोड़ तब आया जब पूर्व मंत्री चुन्ना सिंह ने मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में शामिल होने की घोषणा की। उनके झामुमो में शामिल होने से सारठ विधानसभा क्षेत्र में चुनावी समीकरणों में बदलाव आने की उम्मीद है, जहां वे पार्टी के प्रत्याशी हो सकते हैं। चुन्ना सिंह ने झामुमो के प्रमुख और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की, जहां उनका पार्टी में स्वागत किया गया।

सीएम ने पार्टी में शामिल होने पर किया स्वागत

मुख्यमंत्री ने उनका पार्टी में शामिल होने पर हार्दिक स्वागत किया और भरोसा जताया कि उनका अनुभव और समर्थन झामुमो को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस बीच, झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण की सीटों पर नामांकन प्रक्रिया जारी है। मंगलवार को 32 और प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए, जिससे अब तक कुल 57 प्रत्याशियों ने नामांकन भरा है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी K. रवि कुमार ने मंगलवार को बताया कि अब तक आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के 12 मामले सामने आए हैं, जिन पर कार्रवाई की जा रही है।

झारखंड में विधानसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों की बढ़ती संख्या पर ध्यान दिया जा रहा है। गढ़वा जिले में सर्वाधिक आठ मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि रांची, सरायकेला खारसावां, धनबाद, और सिमडेगा में एक-एक मामला सामने आया है। चुनावी गतिविधियों को प्रभावित करने वाले तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

राज्य में सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कुल 290 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। अब तक, आचार संहिता लागू होने के बाद से 12.50 करोड़ रुपये की अवैध सामग्री और नकदी जब्त की जा चुकी है, जिसमें से अधिकांश जब्ती राज्य पुलिस द्वारा की गई है।

हेमंत सोरेन की जनसभाएं आज

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को घाटशिला और चाईबासा में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उनकी पहली चुनावी सभा घाटशिला के दाहीगोड़ा सर्कस मैदान में होगी, जिसके बाद वे चाईबासा में बस स्टैंड के समीप जनसभा में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम के बाद, उनका देवघर होते हुए साहिबगंज जाने का कार्यक्रम है, जहां वे पतना स्थित आवास पर रात्रि विश्राम करेंगे।

कल्पना सोरेन का गिरिडीह दौरा

गांडेय की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन भी बुधवार को गिरिडीह के बेंगावाद में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। वे भी रात्रि विश्राम गिरिडीह में करेंगी।

Leave a comment