वानुआतु का लोकप्रिय "गोल्डन पासपोर्ट" कार्यक्रम अमीरों को नागरिकता खरीदने की अनुमति देता है, जहां वे आर्थिक विकास में निवेश कर नागरिकता प्राप्त कर सकते हैं और विशेष लाभों का आनंद ले सकते हैं।
Lalit Modi: आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने आधिकारिक रूप से भारतीय नागरिकता छोड़ दी है और वानुआतु की नागरिकता हासिल कर ली है। उन्होंने शुक्रवार को लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में अपना पासपोर्ट सरेंडर किया। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है। वानुआतु एक छोटा प्रशांत महासागरीय देश है, जो निवेश के बदले नागरिकता देने के लिए जाना जाता है।
क्या है वानुआतु का 'गोल्डन पासपोर्ट' प्रोग्राम?
वानुआतु में 'सिटिजनशिप बाय इन्वेस्टमेंट' (CBI) या 'गोल्डन पासपोर्ट' नामक योजना है, जिसके तहत कोई भी अमीर व्यक्ति एक निश्चित राशि निवेश करके नागरिकता प्राप्त कर सकता है। इस योजना के तहत नागरिकता प्राप्त करने वालों को वीजा-फ्री यात्रा, कर छूट और अन्य कई सुविधाएं मिलती हैं।
दुनिया के कई अन्य देश भी निवेश के आधार पर नागरिकता देते हैं, जिनमें माल्टा, तुर्की, मोंटेनेग्रो, एंटीगुआ, बारबुडा, डोमिनिका और मिस्र शामिल हैं।
कितनी है वानुआतु की नागरिकता की कीमत?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वानुआतु का नागरिकता कार्यक्रम सबसे तेज और आसान माना जाता है। इसके लिए न्यूनतम दस्तावेज़ों की जरूरत होती है, और पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जा सकती है। आवेदक को देश में जाने की भी आवश्यकता नहीं होती।
वानुआतु की नागरिकता की कीमत लगभग 1.18 करोड़ रुपये से 1.35 करोड़ रुपये तक होती है। इस कीमत में परिवार के चार सदस्यों के लिए भी नागरिकता प्राप्त की जा सकती है। आवेदन करने के बाद 30 से 60 दिनों में पासपोर्ट मिल जाता है।
वानुआतु की नागरिकता से क्या फायदे मिलते हैं?
वानुआतु की नागरिकता प्राप्त करने के बाद कई बड़े फायदे मिलते हैं, जिनमें शामिल हैं:
वीजा फ्री ट्रैवल: वानुआतु का पासपोर्ट 113 देशों में वीजा-फ्री यात्रा की सुविधा देता है।
उच्च रैंकिंग पासपोर्ट: हेनली पासपोर्ट इंडेक्स के अनुसार, वानुआतु का पासपोर्ट दुनिया में 51वें स्थान पर है, जो सऊदी अरब (57), चीन (59) और इंडोनेशिया (64) से ऊपर है। भारत इस सूची में 80वें स्थान पर है।
टैक्स फ्री बेनेफिट्स: वानुआतु एक टैक्स हेवेन माना जाता है, जहां इनकम टैक्स, कैपिटल गेन टैक्स और कॉर्पोरेट टैक्स नहीं लगता।
गोपनीयता और फाइनेंशियल सिक्योरिटी: कई अमीर लोग वानुआतु की नागरिकता इसलिए भी लेते हैं क्योंकि वहां की फाइनेंशियल सिस्टम गोपनीयता प्रदान करता है।
कहां है वानुआतु?
वानुआतु दक्षिण प्रशांत महासागर में स्थित एक छोटा द्वीप राष्ट्र है। यह ऑस्ट्रेलिया से करीब 1,750 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। यह द्वीपसमूह पूरी तरह से ज्वालामुखीय द्वीपों से बना हुआ है। इसके पड़ोसी देशों में न्यू कैलेडोनिया, फिजी और सोलोमन द्वीप समूह शामिल हैं। प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर के कारण यह दुनिया भर के पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र है।
ललित मोदी पर लगे हैं गंभीर आरोप
ललित मोदी को आईपीएल का जनक माना जाता है, लेकिन उन पर वित्तीय गड़बड़ियों, मनी लॉन्ड्रिंग और टैक्स चोरी जैसे गंभीर आरोप हैं। 2010 में जब उनके खिलाफ जांच शुरू हुई, तो वह भारत छोड़कर ब्रिटेन चले गए। भारत सरकार ने कई बार उनके प्रत्यर्पण की कोशिश की, लेकिन अब उन्होंने वानुआतु की नागरिकता लेकर एक नया मोड़ दे दिया है।
खास बात यह है कि वानुआतु की कुल आबादी पुडुचेरी से भी कम है, और यह देश प्रत्यर्पण को लेकर ज्यादा सख्त नहीं है, जिससे ललित मोदी को कानूनी सुरक्षा भी मिल सकती है।
भारतीय अमीरों के लिए क्यों आकर्षक है वानुआतु की नागरिकता?
बीते दो सालों में 30 से ज्यादा अमीर भारतीयों ने वानुआतु की नागरिकता ली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीनी नागरिक इस योजना का सबसे ज्यादा फायदा उठा रहे हैं। वानुआतु का आसान नागरिकता कार्यक्रम, टैक्स फ्री सुविधाएं और वीजा-फ्री यात्रा इसे करोड़पतियों के लिए पसंदीदा विकल्प बना रही हैं।