Columbus

Salim Akhtar Death: बॉलीवुड ने खोया एक और सितारा, सलीम अख्तर का निधन, इंडस्ट्री में शोक

🎧 Listen in Audio
0:00

हिंदी सिनेमा ने दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार को खोने के बाद अब मशहूर फिल्म निर्माता सलीम अख्तर का निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और मुंबई अस्पताल में भर्ती थे।

Salim Akhtar Death: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री ने एक और महान निर्माता सलीम अख्तर को खो दिया है। 8 अप्रैल को 82 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में वेंटिलेटर पर थे। मंगलवार को उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनका निधन फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर लेकर आया है। आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

80 और 90 के दशक के हिटमेकर

सलीम अख्तर का नाम 80 और 90 के दशक के मशहूर निर्माताओं में शुमार था। उन्होंने बॉलीवुड को कई सुपरहिट फिल्में दीं, जिनमें बंटवारा (1993), लोहा (1997), फूल और अंगारे, बाजी, इज्जत, चोरों की बारात और बादल जैसी फिल्में शामिल हैं। उनकी फिल्मों ने उस दौर के दर्शकों को खासा प्रभावित किया था। उन्होंने आमिर खान, धर्मेंद्र, बॉबी देओल और मिथुन चक्रवर्ती जैसे बड़े सितारों के साथ भी काम किया।

स्टार्स को लॉन्च करने वाले निर्माता

सलीम अख्तर न सिर्फ एक सफल निर्माता थे, बल्कि एक टैलेंट स्पॉटर भी थे। उन्होंने रानी मुखर्जी को 1997 में राजा की आएगी बारात से लॉन्च किया था, जिसने उनकी अभिनय यात्रा की शुरुआत की। वहीं, तमन्ना भाटिया ने 2005 में सलीम अख्तर की फिल्म चांद सा रोशन चेहरा से डेब्यू किया था। इन दोनों ने बाद में इंडस्ट्री में अपना नाम कमाया।

सादगी और समझदारी के लिए किए जाएंगे याद

सलीम अख्तर को उनकी सादगी और जमीन से जुड़े स्वभाव के लिए याद किया जाएगा। वह एक प्रोफेशनल निर्माता के रूप में जाने जाते थे, जो अपने कलाकारों और क्रू का ख्याल रखते थे। उनकी फिल्मों में मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक संदेश भी होता था। उनका योगदान बॉलीवुड में हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से इंडस्ट्री ने एक सच्चे सिने-प्रेमी और टैलेंट गाइड को खो दिया है।

Leave a comment