संजय राउत ने दिल्ली चुनाव नतीजों पर बीजेपी पर निशाना साधा, चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-आप साथ लड़ती तो नतीजे अलग होते, मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया।
Delhi Election Result 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि संसदीय लोकतंत्र में जीत और हार लगी रहती है, लेकिन जब से बीजेपी सत्ता में आई है, तब से चुनाव संवैधानिक तरीके से नहीं हो रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जीतने के लिए साम, दाम, दंड, भेद का इस्तेमाल कर रही है।
कांग्रेस और आप के गठबंधन पर दिया सुझाव
राउत ने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने मिलकर चुनाव लड़ा होता, तो नतीजे कुछ और होते। उन्होंने इंडिया गठबंधन को इससे सबक लेने की सलाह दी।
मतदाता सूची में गड़बड़ी का दावा
एबीपी माझा और एएनआई से बातचीत में संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में मतदाता सूची में गड़बड़ियां की गई हैं। उन्होंने अन्ना हजारे पर तंज कसते हुए कहा कि मोदी सरकार के दौरान हुए भ्रष्टाचार पर वे चुप क्यों रहे? केजरीवाल की हार पर उनकी खुशी पर भी सवाल उठाया।
अमित शाह पर वादा न निभाने का आरोप
संजय राउत ने कहा कि अगर अमित शाह ने 2019 में किया गया वादा निभाया होता, तो महाराष्ट्र की मौजूदा स्थिति नहीं होती। उन्होंने देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी जाने के बाद उनका चेहरा देखने लायक था।
शिंदे सरकार पर भविष्यवाणी
राउत ने दावा किया कि एकनाथ शिंदे के लिए अमित शाह कब "ऑपरेशन" करेंगे, यह खुद शिंदे को भी नहीं पता होगा। उन्होंने कहा कि अगर आरोपी गिरफ्तार नहीं हो रहे हैं, तो फडणवीस कह रहे हैं कि किसी को नहीं छोड़ेंगे। फिर गिरफ्तारियां क्यों नहीं हो रही हैं?
बीड की जनता को गुमराह करने का आरोप
राउत ने कहा कि मुख्यमंत्री बीड में जाकर फूल-मालाएं स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब एक मिलीभगत है और जरांगे पाटिल के मुद्दे को दरकिनार करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री आखिरकार किसका समर्थन कर रहे हैं और क्या बीड की जनता को बेवकूफ समझ लिया गया है?