CM रेखा गुप्ता ने शिक्षाविदों संग बैठक कर ‘विकसित दिल्ली बजट’ पर चर्चा की। उन्होंने शिक्षा सुधार, पारदर्शिता और जनता के सुझावों के आधार पर प्रभावी बजट तैयार करने पर जोर दिया।
Delhi Budget 2025: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 5 मार्च को दिल्ली सचिवालय में शिक्षाविदों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक का मुख्य विषय ‘विकसित दिल्ली बजट’ था, जिसमें शिक्षा मंत्री आशीष सूद समेत शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और पारदर्शिता लाने पर जोर दिया।
दिल्ली की शिक्षा प्रणाली को सर्वोत्तम बनाने का संकल्प
बैठक के बाद CM रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की शिक्षा प्रणाली को देश की सर्वोत्तम शिक्षा प्रणाली बनाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने इस बैठक को एक सकारात्मक पहल करार दिया और बताया कि इसमें वर्षों से चली आ रही चुनौतियों पर खुलकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा, "दिल्ली सरकार शिक्षा क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है, और यह संवाद हमारे बजट को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगा।"
जनता की भागीदारी से तैयार होगा पारदर्शी बजट
CM रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार जनता के सुझावों को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा, "हमारे पास ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए सैकड़ों सुझाव आ रहे हैं, जिनका अध्ययन किया जा रहा है ताकि जनता की जरूरतों के अनुरूप एक बेहतरीन बजट तैयार किया जा सके।" उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व सरकार ने शिक्षा सुधार के कई दावे किए थे, लेकिन जमीन पर उनकी हकीकत नहीं दिखी।
शिक्षा में पारदर्शिता और सुधार होंगे प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता लाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ईडब्ल्यूएस (EWS) एडमिशन में पारदर्शिता के जो प्रयास अब तक किए गए हैं, वे आगे भी जारी रहेंगे। आने वाले समय में दिल्ली का एजुकेशन मॉडल और मजबूत होगा, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मिलेगी।
आगामी बजट की प्राथमिकताएं
CM रेखा गुप्ता ने आश्वासन दिया कि आगामी बजट दिल्ली के नागरिकों की आकांक्षाओं का सही प्रतिबिंब होगा। उन्होंने कहा, "हम एक ऐसा बजट पेश करेंगे, जिसे जनता अपना समझे। बजट न केवल शिक्षा बल्कि राजधानी के समग्र विकास को गति देगा।"