Jharkhand Election 2024: झारखंड भाजपा नेताओ में भर गया नया जोश, हरियाणा चुनाव रिजल्ट से मिली नई राह, क्या हेमंत सोरेन के खेमे में बढ़ेगी टेंशन?

Jharkhand Election 2024: झारखंड भाजपा नेताओ में भर गया नया जोश, हरियाणा चुनाव रिजल्ट से मिली नई राह, क्या हेमंत सोरेन के खेमे में बढ़ेगी टेंशन?
Last Updated: 5 घंटा पहले

हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत ने झारखंड भाजपा के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस जीत पर केंद्रीय नेतृत्व और जनता को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस जीत से यह स्पष्ट होता है कि भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा हैं।

रांची: लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को पूर्ण बहुमत नहीं मिलने के बाद विपक्ष का हौसला काफी बढ़ा हुआ था, और हरियाणा विधानसभा चुनाव को एक महत्वपूर्ण मौका माना जा रहा था। विपक्ष को उम्मीद थी कि हरियाणा में बेहतर प्रदर्शन कर भाजपा को चुनौती दी जा सकेगी। हालांकि, मंगलवार को घोषित हुए चुनाव परिणामों ने भाजपा के पक्ष में जाकर सभी अनुमानों को झुठला दिया।

हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की इस महत्वपूर्ण जीत ने झारखंड भाजपा को नई ऊर्जा दी है, क्योंकि राज्य में आगामी दो महीनों के भीतर विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस जीत से भाजपा कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास बढ़ गया है। झारखंड में पार्टी कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया, आतिशबाजी की, और मिठाइयां बांटी। हरियाणा की इस जीत से झारखंड में भी भाजपा को मजबूती मिलने की उम्मीद है, और पार्टी अब पूरे जोश के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं।

हेमंत सोरेन की बढ़ सकती हैं टेंशन

हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत ने झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पार्टी के लिए चिंता बढ़ा दी है। भाजपा की इस जीत से जहां पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा हो गया है, वहीं हेमंत सोरेन के लिए यह एक बड़ा संकेत है कि चुनावी लड़ाई में उन्हें कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। अगर भाजपा हरियाणा चुनाव हार जाती, तो हेमंत सोरेन को निश्चित रूप से राहत मिलती और वे इसे झारखंड चुनाव में एक बड़ा मुद्दा बना सकते थे, लेकिन फिलहाल स्थिति उलट गई हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी हरियाणा की जीत के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय नेतृत्व, और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने जनता के विश्वास को पार्टी की नीतियों और नेतृत्व की जीत के रूप में देखा। हरियाणा की इस जीत ने झारखंड में भाजपा की संभावनाओं को भी और मजबूत कर दिया है, जिससे राज्य में चुनावी माहौल गरमाने की संभावना हैं।

पीएम मोदी के नेतृत्व की जीत - संजय सेठ

रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता भी आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन देगी और दो-तिहाई बहुमत के साथ पार्टी के नेतृत्व में सरकार बनाएगी। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी इस जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा की नीति और नीयत को देश और प्रदेश की जनता अच्छी तरह समझ चुकी है। इसी कारण से जनता का भरोसा लगातार भाजपा पर बढ़ता जा रहा है। झारखंड में पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल भी इस जीत से काफी ऊंचा हो गया है, और वे राज्य में भाजपा की जीत को लेकर आत्मविश्वास से भरे हुए हैं।

Leave a comment
 

ट्रेंडिंग News