Columbus

दिल्ली-NCR में गर्मी का कहर, उत्तर भारत में मौसम करवट लेने को तैयार, जानें आज का मौसम अपडेट

🎧 Listen in Audio
0:00

दिल्ली-NCR और उत्तर भारत के राज्यों में अप्रैल की शुरुआत से ही भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। राजधानी दिल्ली में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है और लू का प्रकोप जारी है। 

Weather Update: अप्रैल का महीना जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे गर्मी ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह राजधानी का न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा है। दिन के समय यह तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। 

मौसम विभाग ने भीषण गर्मी के साथ लू चलने का अलर्ट जारी किया है। सिर्फ दिल्ली-एनसीआर ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और पंजाब में भी अधिकतम तापमान में लगातार उछाल देखा जा रहा है, जिससे इन राज्यों के लोग भी गर्मी से बेहाल हैं। IMD के अनुसार, 15 अप्रैल के बाद गर्मी की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, जब पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में मौसम बदलने की संभावना जताई जा रही है।

दिल्ली में हीटवेव

दिल्ली में सोमवार को मौसम की पहली आधिकारिक "हीटवेव" दर्ज की गई, जब अधिकतम तापमान 40.2°C तक पहुंचा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 22.4°C रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। वायु गुणवत्ता भी बिगड़ती जा रही है, एक्यूआई 216 के साथ दिल्ली 'खराब' श्रेणी में बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज, 9 अप्रैल तक 'हीटवेव येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसमें लोगों को दोपहर के समय बाहर न निकलने और हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी गई है।

राजस्थान: गर्मी का पीक

राजस्थान में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बाड़मेर में 45.6°C के साथ सोमवार को सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। जैसलमेर, बीकानेर और कोटा जैसे इलाकों में तापमान 44°C से ऊपर चल रहा है। हालांकि 10 अप्रैल के बाद कुछ जिलों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है।

हरियाणा और यूपी में भीषण गर्मी का कहर

हरियाणा के फरीदाबाद और हिसार जैसे जिलों में पारा 40°C पार कर चुका है। प्रशासन ने लू को लेकर एडवाइजरी जारी की है। उत्तर प्रदेश के कानपुर, प्रयागराज, आगरा और झांसी जैसे इलाकों में भी तापमान 40 से 42°C के बीच है। हालांकि, आज से 13 अप्रैल के बीच यूपी के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है।

बिहार और झारखंड: मौसम में राहत के संकेत

बिहार और झारखंड में मौसम में कुछ सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। पटना, दरभंगा और मुजफ्फरपुर जैसे जिलों में हल्की बारिश और तेज़ हवाओं ने गर्मी की तीव्रता को कम किया है। झारखंड के धनबाद, रांची और बोकारो में भी बादलों की आवाजाही और बूंदाबांदी से लोगों को राहत मिली है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ और पूर्व-पश्चिम ट्रफ लाइन 9 अप्रैल से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर सकती है। इसके चलते 10 से 13 अप्रैल के बीच कई इलाकों में गर्जन के साथ बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि 15 अप्रैल के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत कई हिस्सों में गर्मी की तीव्रता घट सकती है और लू की स्थिति में कमी आएगी।

Leave a comment