8 दिसंबर से उत्तर पश्चिम भारत में पश्चिम विक्षोभ का प्रभाव दिखाई देगा, जिससे मौसम में बदलाव आएगा। पश्चिमी हिमालय में बर्फबारी होगी, खासकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में। वहीं चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में आज से 9 दिसंबर तक घना कोहरा रहेगा, जिससे दृश्यता में कमी आ सकती हैं।
Weather: मौसम विभाग के अनुसार, 8 दिसंबर, 2024 से उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम में बदलाव शुरू हो जाएगा। एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित करेगा, जिससे बर्फबारी और हल्की बारिश के आसार हैं। इस विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती हैं।
विशेष रूप से, यूपी, बिहार और अन्य आस-पास के राज्यों में कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। राजस्थान में भी अगले दिनों में सर्दी बढ़ने के आसार हैं, हालांकि वहां बारिश या कोहरे की संभावना नहीं है। मौसम में यह बदलाव ठंड को और बढ़ा सकता है, जिससे लोगों को अधिक सर्दी महसूस होगी।
इन राज्यों में बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, इसके बाद मौसम स्थिर हो सकता है। पूर्वी भारत में भी अगले दो दिनों के दौरान तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है, जबकि मध्य भारत में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
इसके अलावा, हरियाणा और पंजाब में 8 और 9 दिसंबर को बारिश की संभावना है। चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में 9 दिसंबर तक सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। दिल्ली में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन आसमान साफ रहा और वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में आज, शनिवार को हल्का कोहरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शुक्रवार को दिल्ली में इस मौसम की सबसे ठंडी रात थी, जब तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। आज आसमान साफ रहने की उम्मीद है और सुबह के समय उत्तर-पश्चिम से 8 किमी प्रति घंटे से कम की गति से हल्की हवा चल सकती है। सुबह-सुबह धुंध और कुहासा भी देखने को मिल सकता हैं।
हिमाचल और कश्मीर घाटी में ठंड का प्रकोप
हिमाचल प्रदेश में मानसून के बाद लंबे समय तक सूखा रहने के बाद अब मौसम में बदलाव आ रहा है। स्थानीय मौसम विभाग ने आज यानी 7 दिसंबर से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और तेज पूर्वी हवाओं के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। 8 दिसंबर को बारिश तेज होने की संभावना है और यह 9 दिसंबर तक जारी रह सकती है। शिमला, सिरमौर, कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर, मंडी और सोलन जिलों में बिजली गिरने और गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान है, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया हैं।
कश्मीर में भी ठंड बढ़ गई है, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। श्रीनगर में इस मौसम का सबसे कम तापमान -4.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले रात से दो डिग्री कम है। काजीगुंड में भी शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, और रात के तापमान में और गिरावट हो सकती हैं।
राजस्थान में शीतलहर की संभावना
राजस्थान में अगले हफ्ते शेखावाटी इलाके में सर्दी बढ़ने की संभावना है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, आगामी सप्ताह में राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। 10 से 12 दिसंबर के बीच शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान तीन से छह डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, और इस दौरान कहीं-कहीं शीतलहर चलने का अनुमान है। हालांकि, राज्य के अन्य हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना नहीं हैं।