Columbus

एमएस धोनी की धीमी पारी पर भड़के मनोज तिवारी, कहा- 'अब नहीं हो पा रहा है तो छोड़ दो'

🎧 Listen in Audio
0:00

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 25 रनों की हार के बाद महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर आलोचकों के निशाने पर आ गए हैं। 

स्पोर्ट्स न्यूज़: चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज कप्तान एमएस धोनी, जिन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया है, अब अपनी खराब फॉर्म को लेकर सवालों के घेरे में आ गए हैं। शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हुए मुकाबले में जब धोनी बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरे, तब टीम को जीत के लिए 56 गेंदों में 110 रन की जरूरत थी। 

फैंस को उम्मीद थी कि एक बार फिर 'फिनिशर धोनी' अपनी पुरानी शैली में मैच खत्म करेंगे, खासकर तब जब उनके माता-पिता भी स्टेडियम में मौजूद थे। हालांकि, धोनी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्होंने 26 गेंदों में सिर्फ 30 रन बनाए और टीम को जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचा सके। 

फॉर्म पर उठे सवाल, मनोज तिवारी का तीखा बयान

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और भाजपा नेता मनोज तिवारी ने धोनी की धीमी बल्लेबाजी को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि धोनी को 2023 में आईपीएल खिताब जीतने के बाद ही संन्यास ले लेना चाहिए था। तिवारी ने क्रिकबज से बातचीत में कहा,'अगर मैं कठोर बोल रहा हूं तो माफ कीजिए, लेकिन मुझे लगता है कि 2023 धोनी के लिए रिटायरमेंट का सही समय था। उन्होंने क्रिकेट से जो इज्जत और नाम कमाया था, अब वो फैंस के सामने फीका पड़ता दिख रहा है। चेन्नई के फैंस जिस तरह सड़क पर आकर मायूसी जता रहे हैं, उससे साफ है कि अब वो उम्मीद पूरी नहीं हो रही है।'

'अब नहीं हो पा रहा है तो छोड़ देना चाहिए' – तिवारी

धोनी की फिटनेस पर भी सवाल उठाते हुए तिवारी ने आगे कहा, 'कोच स्टीफन फ्लेमिंग कह रहे हैं कि धोनी 10 ओवर से ज्यादा नहीं भाग सकते। लेकिन अगर आप पूरे 20 ओवर की कीपिंग कर सकते हो, डाइव मार सकते हो, तो बल्लेबाजी करते वक्त क्यों परेशानी होती है? यह तर्क समझ से बाहर है। अब जब नहीं हो पा रहा है तो एक मजबूत निर्णय लेना चाहिए – खेल को अलविदा कह देना चाहिए।'

दिल्ली के खिलाफ मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद धोनी के माता-पिता भी उनके प्रदर्शन को देख निराश दिखे। सोशल मीडिया पर फैंस ने भी धोनी की स्ट्राइक रेट (115) और धीमी बल्लेबाजी पर आलोचनाएं की हैं। हालांकि, कई समर्थक अब भी धोनी के समर्थन में हैं और उन्हें एक 'फिनिशर' के तौर पर मैदान पर देखने की इच्छा रखते हैं।

Leave a comment