आबूरोड के गांधीनगर क्षेत्र में एक युवक ने युवती के घर के बाहर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया और बाद में पालनपुर रैफर किया गया। पुलिस प्रेम-प्रसंग के एंगल से मामले की जांच कर रही है।
Rajasthan: गुरुवार को आबूरोड शहर के गांधीनगर इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। स्थानीय लोगों के अनुसार, रवि राणा नाम का युवक एक युवती के घर के बाहर पहुंचा। वहां उसने पहले अपने ऊपर पेट्रोल छिड़का और फिर आग लगा ली। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और युवक गंभीर रूप से झुलस गया।
आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोग घबरा गए। कुछ लोगों ने तुरंत पानी और कंबल की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसी ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी।
लोगों की सतर्कता से बची जान
![]()
घटना की जानकारी मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को तुरंत आबूरोड के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक युवक का शरीर काफी हिस्से में झुलस गया है।
डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे पालनपुर रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह जानने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस ने मौके से कुछ साक्ष्य भी जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक और युवती के बीच क्या विवाद था, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।











