अग्निपथ योजना के पहले बैच के रिटायरमेंट से पहले सरकार उनके भविष्य को लेकर सक्रिय हुई है। गृह मंत्रालय अर्धसैनिक बलों में अग्निवीरों को समायोजित करने की नीति पर काम कर रहा है, जिसमें 50 फीसदी कोटा और भर्ती में विशेष छूट पर विचार किया जा रहा है।
Agniveer CAPF Adjustment Policy: जून 2022 में शुरू हुई अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए पहले बैच के करीब 46 हजार अग्निवीर इस साल के अंत तक सेवा से मुक्त होंगे। इन्हें पेंशन और ग्रेच्युटी नहीं मिलने के कारण रोजगार को लेकर चिंता बढ़ी है। इसी को देखते हुए केंद्र सरकार, खासकर गृह मंत्रालय, बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी जैसे अर्धसैनिक बलों में अग्निवीरों को समायोजित करने की नीति पर काम कर रहा है, ताकि उनके सैन्य अनुभव का बेहतर उपयोग किया जा सके।
पहले बैच के रिटायरमेंट से बढ़ी चिंता
अग्निपथ योजना की शुरुआत जून 2022 में हुई थी और सितंबर 2022 में पहली भर्ती प्रक्रिया पूरी हुई। इस दौरान 60 हजार से अधिक युवा अग्निवीर बने। नियमों के अनुसार, इनमें से लगभग 46 हजार अग्निवीर इस साल के अंत तक सेवा से मुक्त हो जाएंगे।
इन युवाओं को पेंशन और ग्रेच्युटी जैसी सुविधाएं नहीं मिलेंगी, हालांकि सेवा निधि दी जाएगी। इसी वजह से लंबे समय से यह सवाल उठता रहा है कि सैन्य सेवा के बाद इनके लिए रोजगार के क्या विकल्प होंगे। अब सरकार की संभावित पहल से इस चिंता को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
![]()
गृह मंत्रालय की तैयारी, CAPF पर फोकस
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गृह मंत्रालय ने अग्निवीरों के पुनर्वास को लेकर गंभीरता से काम शुरू कर दिया है। मंत्रालय ने बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी जैसे केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक आंतरिक समिति बनाई है।
यह समिति इस बात का आकलन कर रही है कि रिटायर होने वाले अग्निवीरों को CAPF और अन्य सुरक्षा एजेंसियों में कैसे और किस स्तर पर समायोजित किया जा सकता है। उद्देश्य यह है कि इन युवाओं के सैन्य प्रशिक्षण और अनुशासन का सही उपयोग हो सके।
50 फीसदी कोटा और विशेष छूट पर विचार
सूत्रों की मानें तो प्रस्तावित नीति के तहत CAPF की सीधी भर्ती में 50 प्रतिशत सीटें अग्निवीरों के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। इसके साथ ही उम्र सीमा में छूट, फिजिकल टेस्ट में कुछ रियायत और ट्रेनिंग अवधि कम करने जैसे विकल्पों पर भी विचार चल रहा है।
केंद्र के अलावा कई राज्य सरकारें भी पूर्व अग्निवीरों को पुलिस और अन्य विभागों में प्राथमिकता देने की घोषणा कर चुकी हैं। इससे संकेत मिलता है कि अग्निवीरों को सुरक्षा तंत्र में बनाए रखने की कोशिशें कई स्तरों पर हो रही हैं।











