Columbus

अगस्त्य गोयल: भारतीय मूल के अमेरिकी छात्र ने IPhO 2025 में रचा इतिहास, राष्ट्रपति ट्रंप ने किया सम्मानित

अगस्त्य गोयल: भारतीय मूल के अमेरिकी छात्र ने IPhO 2025 में रचा इतिहास, राष्ट्रपति ट्रंप ने किया सम्मानित

अगस्त्य गोयल (Agastya Goel) एक भारतीय मूल के अमेरिकी छात्र हैं, जो 2025 की अंतरराष्ट्रीय फिज़िक्स ओलंपियाड (IPhO) में अमेरिका की टीम के पांच स्वर्ण पदक जीतने वाले सदस्यों में से एक रहे।

वॉशिंगटन: पेरिस में आयोजित 2025 के इंटरनेशनल फिजिक्स ओलंपियाड (IPhO) में अमेरिका की फिजिक्स टीम ने अभूतपूर्व सफलता हासिल करते हुए सभी पांच स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस ऐतिहासिक जीत में भारतीय मूल के प्रतिभाशाली छात्र अगस्त्य गोयल का नाम भी शामिल है। 17 वर्षीय अगस्त्य की इस उपलब्धि पर न केवल अमेरिका बल्कि भारत में भी गर्व की लहर दौड़ पड़ी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पूरी टीम से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया।

कौन हैं अगस्त्य गोयल?

अगस्त्य गोयल कैलिफोर्निया के पालो ऑल्टो स्थित हेनरी एम. गन हाई स्कूल में जूनियर छात्र हैं। उनका जन्म और पालन-पोषण अमेरिका में हुआ, लेकिन उनकी जड़ें भारत से जुड़ी हुई हैं। अगस्त्य के पिता प्रोफेसर आशीष गोयल स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में प्रबंधन विज्ञान और इंजीनियरिंग के प्रोफेसर हैं। आशीष गोयल मूल रूप से उत्तर प्रदेश से हैं और 1990 में प्रतिष्ठित IIT-JEE परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल कर चुके हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां

अगस्त्य गोयल पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उन्होंने इंटरनेशनल ओलंपियाड इन इंफॉर्मेटिक्स (IOI) में लगातार दो बार स्वर्ण पदक जीते। वर्ष 2024 में उन्होंने 600 में से 438.97 अंक प्राप्त किए और विश्व स्तर पर चौथा स्थान हासिल किया। वहीं, चीन के कांगयांग झोउ ने उस वर्ष पूर्ण अंक प्राप्त किए थे। इन उपलब्धियों ने अगस्त्य को अमेरिका की युवा वैज्ञानिक प्रतिभाओं में एक अलग पहचान दिलाई।

शुरुआत में अगस्त्य की रुचि कंप्यूटर विज्ञान की ओर अधिक थी। लेकिन 2023 की सर्दियों में उनकी दिलचस्पी धीरे-धीरे भौतिकी की ओर मुड़ गई। पिता के साथ लंबी पैदल यात्राओं और चर्चाओं ने उनकी वैज्ञानिक सोच को और गहरा किया। परिणामस्वरूप, उन्होंने भौतिकी में गहन अध्ययन शुरू किया और महज दो वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर अपनी क्षमता साबित कर दी।

अगस्त्य केवल विज्ञान तक सीमित नहीं हैं। उनकी रुचियां बेहद विविध हैं। लिंक्डइन प्रोफ़ाइल के अनुसार, उन्हें टेनिस, लंबी पैदल यात्रा, संगीत और तारों को निहारना बेहद पसंद है। वह गिटार और पियानो बजाने में निपुण हैं और अपने स्कूल के गायन दल के सक्रिय सदस्य भी हैं। इसके अलावा, वह गन हाई स्कूल की टेनिस टीम, प्रोग्रामिंग क्लब और बोर्ड गेम क्लब से भी जुड़े हुए हैं।

राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात

अगस्त्य के पिता प्रोफेसर आशीष गोयल ने आईआईटी कानपुर से कंप्यूटर साइंस में पढ़ाई की और बाद में अमेरिका जाकर शिक्षा जगत में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने एल्गोरिथम गेम थ्योरी, कम्प्यूटेशनल सोशल साइंस और कंप्यूटर नेटवर्क पर भी महत्वपूर्ण शोध किए हैं। परिवार की इस शैक्षणिक पृष्ठभूमि ने अगस्त्य को उच्च स्तर की प्रेरणा दी है।

IPhO 2025 की जीत के बाद अमेरिकी टीम को व्हाइट हाउस में आमंत्रित किया गया। वहां राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने टीम के सभी सदस्यों – अगस्त्य गोयल, एलन ली, जोशुआ वांग, फियोडोर येवतुशेंको और ब्रायन झांग – को सम्मानित किया। इस मौके पर ट्रंप ने युवा प्रतिभाओं को अमेरिका का भविष्य बताया और उनकी मेहनत की सराहना की।

Leave a comment