वॉशिंगटन: AI के बढ़ते प्रभाव और जॉब असुरक्षा के कारण अमेरिका में MBA एडमिशन घटने लगे हैं। छात्रों को आकर्षित करने के लिए कई बिजनेस स्कूल फीस में भारी कटौती और स्कॉलरशिप ऑफर कर रहे हैं।
वॉशिंगटन: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव का असर अब अमेरिकी बिजनेस स्कूलों में भी दिखाई देने लगा है। MBA प्रोग्राम्स में एडमिशन घटने के बाद कई यूनिवर्सिटीज ने ट्यूशन फीस कम करने और स्कॉलरशिप बढ़ाने का फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ संस्थानों ने ऑनलाइन और एग्जीक्यूटिव MBA कोर्स की फीस में 50 प्रतिशत तक कटौती की है।
AI के कारण बदल रही MBA की डिमांड
अमेरिका में प्रोफेशनल्स अब पारंपरिक दो वर्षीय MBA प्रोग्राम को लेकर पहले जैसी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। AI आधारित ऑटोमेशन और जॉब मार्केट में अनिश्चितता के कारण कई लोग फुल-टाइम पढ़ाई के बजाय नौकरी जारी रखते हुए शॉर्ट टर्म और फ्लेक्सिबल कोर्स करना पसंद कर रहे हैं।
![]()
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रोफेशनल्स को डर है कि AI के दौर में लंबे समय तक पढ़ाई करने के बाद भी नौकरी की गारंटी कम हो सकती है। इसी वजह से बिजनेस स्कूलों में एडमिशन संख्या प्रभावित हुई है।
कई यूनिवर्सिटीज ने घटाई ट्यूशन फीस
छात्रों को आकर्षित करने के लिए कई अमेरिकी बिजनेस स्कूल फीस में बड़ी कटौती और स्कॉलरशिप ऑफर कर रहे हैं।
- पर्ड्यू यूनिवर्सिटी ने ऑनलाइन MBA की फीस लगभग 40 प्रतिशत कम कर दी है।
- यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, इरविन ने फ्लेक्स और एग्जीक्यूटिव MBA प्रोग्राम्स में 38 प्रतिशत तक फीस घटाई है।
- जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी कुछ स्पेशलाइज्ड मास्टर्स कोर्स के लिए 50 प्रतिशत तक स्कॉलरशिप दे रही है।
- वाशिंगटन यूनिवर्सिटी ने AI से प्रभावित प्रोफेशनल्स के लिए विशेष स्कॉलरशिप की घोषणा की है।
इन बदलावों का उद्देश्य वर्किंग प्रोफेशनल्स को कम खर्च में नई स्किल्स सीखने का अवसर देना है।
करियर को लेकर बढ़ी अनिश्चितता
विशेषज्ञों का मानना है कि AI की वजह से जॉब रोल तेजी से बदल रहे हैं, जिससे प्रोफेशनल्स करियर स्विच करने में सावधानी बरत रहे हैं। पहले जहां MBA को करियर ग्रोथ और इंडस्ट्री बदलाव का मजबूत विकल्प माना जाता था, वहीं अब लोग कम अवधि वाले स्किल बेस्ड कोर्स की ओर ज्यादा झुकाव दिखा रहे हैं।
एडमिशन एक्सपर्ट्स का कहना है कि वर्तमान समय में कई उम्मीदवार नौकरी छोड़कर दो साल की पढ़ाई करने के बजाय काम के साथ नई टेक्निकल और AI स्किल्स सीखना ज्यादा सुरक्षित मान रहे हैं।










