रियलिटी शो 'लॉक अप 2' का लेटेस्ट एपिसोड एक बार फिर चर्चा में है। शो के दौरान बातचीत में आकांक्षा चमोला ने अपने पति और अभिनेता गौरव खन्ना को 'स्ट्रेंजर' यानी अनजान शख्स बता दिया।
Lock Upp 2: रियलिटी शो लॉक अप 2 इन दिनों अपने कंटेस्टेंट्स के विवादित बयानों और निजी जिंदगी से जुड़े खुलासों को लेकर लगातार चर्चा में बना हुआ है। शो की कंटेस्टेंट अकांक्षा चमोला एक बार फिर अपने पति और अभिनेता गौरव खन्ना को लेकर दिए गए बयान की वजह से सुर्खियों में हैं। शो के हालिया एपिसोड में अकांक्षा ने गौरव को 'स्ट्रेंजर' यानी अनजान व्यक्ति कहकर संबोधित किया। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि अगर गौरव की जगह उनके परिवार का कोई सदस्य या उनका पालतू कुत्ता उनसे मिलने आता, तो उन्हें ज्यादा खुशी होती।
अकांक्षा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों ने उनके बयान को बेहद चौंकाने वाला बताया, जबकि कई यूजर्स ने उनके रिश्ते और शो में सामने आ रही निजी बातों पर सवाल उठाए हैं।
गौरव खन्ना को बताया 'स्ट्रेंजर'
'लॉक अप 2' के एक एपिसोड में अकांक्षा चमोला अपनी साथी कंटेस्टेंट्स श्रेया कालरा और शिल्पा शिंदे के साथ बातचीत करती नजर आईं। इस दौरान बातचीत शो में कंटेस्टेंट्स से मिलने पहुंचे उनके करीबियों पर हो रही थी। अकांक्षा ने इस दौरान कहा कि उन्हें गौरव खन्ना के शो में आने से उतनी खुशी नहीं हुई, जितनी उनके परिवार के किसी सदस्य के आने से होती। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मां, पिता या यहां तक कि उनका पालतू कुत्ता भी उनसे मिलने आता, तो उन्हें ज्यादा खुशी होती।
अकांक्षा के इस बयान ने शो के दर्शकों को हैरान कर दिया। उन्होंने गौरव को 'स्ट्रेंजर' बताते हुए कहा कि उनके लिए परिवार के किसी सदस्य की मौजूदगी ज्यादा मायने रखती।
बातचीत में एक्स का भी किया जिक्र

शो में हुई बातचीत के दौरान अकांक्षा ने अपने रिश्ते को लेकर एक और टिप्पणी की। श्रेया कालरा ने जब अपने बॉयफ्रेंड के शो में आने की इच्छा जाहिर की, तो अकांक्षा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके मामले में तो 'एक्स' आया था। इसके बाद उन्होंने गौरव के शो में आने को लेकर टिप्पणी की और कहा कि उनके लिए वह एक 'स्ट्रेंजर' की तरह थे। इस दौरान वहां मौजूद अन्य कंटेस्टेंट्स भी हंसते हुए नजर आए।
हालांकि, अकांक्षा की बातों का संदर्भ शो में चल रही बातचीत और उनके निजी अनुभवों से जुड़ा हुआ था, लेकिन सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर बहस शुरू हो गई है। कुछ दर्शकों का मानना है कि रियलिटी शो में निजी रिश्तों पर इस तरह की टिप्पणियां दर्शकों का ध्यान खींचने का हिस्सा भी हो सकती हैं।
'लॉक अप 2' में पहले भी रिश्ते को लेकर कर चुकी हैं खुलासा
यह पहली बार नहीं है जब अकांक्षा चमोला ने 'लॉक अप 2' में गौरव खन्ना के साथ अपने रिश्ते को लेकर कोई बड़ा खुलासा किया हो। शो में इससे पहले उन्होंने अपनी शादीशुदा जिंदगी से जुड़ी निजी बातों का जिक्र किया था। अकांक्षा ने कथित तौर पर बताया था कि उन्होंने और गौरव खन्ना ने अपनी शादी को खत्म करने का फैसला किया है। उन्होंने इसे अपने 'डार्क सीक्रेट्स' में से एक के रूप में साझा किया था। उनके मुताबिक, दोनों करीब एक महीने से अलग रह रहे थे और तलाक की प्रक्रिया की दिशा में आगे बढ़ रहे थे।
अकांक्षा ने यह भी कहा था कि अलग होने का फैसला दोनों की आपसी सहमति से लिया गया है। उनके इस खुलासे के बाद से ही उनके और गौरव खन्ना के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई थी।












