Apple iOS 27 अपडेट के साथ iPhone में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी कर रहा है। नए AI और विजुअल इंटेलिजेंस फीचर्स से कैमरा खाना, टिकट और डॉक्यूमेंट स्कैन कर स्मार्ट जानकारी देगा। Siri भी अपग्रेड होकर चैटबॉट जैसी क्षमता के साथ ज्यादा इंटरैक्टिव और उपयोगी बन जाएगी।
iOS 27 AI Features: Apple अपने आगामी iOS 27 अपडेट में iPhone यूजर्स के लिए कई नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फीचर्स लाने की तैयारी कर रहा है। इस अपडेट के तहत अमेरिका स्थित कंपनी कैमरा आधारित विजुअल इंटेलिजेंस सिस्टम पेश कर सकती है, जिससे यूजर खाना, टिकट और डॉक्यूमेंट स्कैन कर जानकारी हासिल कर सकेंगे। यह फीचर्स iOS 27 के साथ सितंबर में नए iPhone सीरीज के साथ लॉन्च होने की संभावना है, जो उपयोगकर्ताओं के अनुभव को और अधिक स्मार्ट और आसान बनाएगा।
कैमरा से स्कैन होगा सब कुछ, मिलेंगी स्मार्ट जानकारी
नए फीचर्स के आने के बाद यूजर किसी खाने की तस्वीर लेकर उसका न्यूट्रिशन डेटा देख सकेंगे। इसी तरह प्रिंटेड नंबर या एड्रेस को स्कैन करके सीधे कॉन्टैक्ट्स में सेव करना भी आसान हो जाएगा।
Apple Wallet को भी अपग्रेड किया जाएगा, जिससे फिजिकल टिकट, जिम कार्ड और पास जैसी चीजें डिजिटल रूप में सेव हो सकेंगी। इसका मतलब होगा कि यूजर्स को कई जगह फिजिकल डॉक्यूमेंट साथ रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

iOS 27 में Siri बनेगी और ज्यादा स्मार्ट
Apple इस अपडेट में Siri को पूरी तरह नए रूप में पेश कर सकती है। इसे चैटबॉट जैसी क्षमता देने की तैयारी है, जहां यूजर उससे सामान्य बातचीत कर सकेंगे और जटिल सवालों के जवाब भी पा सकेंगे।
इसके अलावा ऑन-स्क्रीन समझ, कॉन्टेक्स्ट अवेयरनेस और सैटेलाइट कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स भी चर्चा में हैं। कंपनी का फोकस आने वाले एआई वियरेबल डिवाइसेज जैसे स्मार्ट ग्लास और AI पेंडेंट के लिए मजबूत आधार तैयार करने पर भी है।











