औरैया में शादीशुदा युवक दूसरी शादी करने बारात लेकर पहुंचा, लेकिन पहली पत्नी की सूचना पर पुलिस ने समारोह रोक दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद दुल्हन पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया और बारात वापस लौट गई।
Auraiya: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक शादी समारोह उस समय रुक गया, जब जयमाल से पहले पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोप है कि दूल्हा पहले से शादीशुदा था और बिना जानकारी दिए दूसरी शादी करने आया था। पहली पत्नी की सूचना पर पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जिसके बाद दुल्हन पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया।
पहली पत्नी की सूचना पर गेस्ट हाउस पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, कानपुर देहात के मुंगीसापुर से बारात औरैया के एक गेस्ट हाउस में पहुंची थी। लड़की पक्ष अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के हवेलिया गांव का बताया गया है। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और दोनों परिवारों के रिश्तेदार समारोह में मौजूद थे। बरात के स्वागत के बाद विवाह की रस्में शुरू ही हुई थीं कि तभी पुलिस मौके पर पहुंच गई।
बताया गया कि युवक की पहली पत्नी को दूसरी शादी की जानकारी मिली थी। उसने लड़की पक्ष और यूपी-112 को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के बाद लौटानी पड़ी बारात
पुलिस ने जब युवक से जानकारी ली तो मामला खुलकर सामने आ गया। इसके बाद लड़की पक्ष ने नाराजगी जताई और शादी से इनकार कर दिया। समारोह में मौजूद लोग भी अचानक हुए घटनाक्रम से हैरान रह गए। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत चलती रही, लेकिन अंत में बारात को वापस लौटना पड़ा।
पुलिस युवक को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। हालांकि बाद में दोनों पक्षों की बातचीत के बाद पुलिस लौट गई।
शिकायत मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई
सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। यदि तहरीर मिलती है तो संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की कानूनी स्थिति शिकायत मिलने के बाद ही स्पष्ट होगी।











