पूर्व CM बलूचिस्तान अख्तर मेंगल ने कहा कि पाकिस्तान सरकार और सेना की धमकियों के बावजूद बलूचिस्तान के अधिकारों और सुरक्षा की रक्षा जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब केवल स्वतंत्रता ही अंतिम विकल्प बचा है।
Pakistan: पाकिस्तान में बलूचिस्तान प्रांत को लेकर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री और बलूचिस्तान नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के प्रमुख सरदार अख्तर मेंगल ने हाल ही में एक बार फिर कहा कि बलूचिस्तान में खून खराबा रोकने का अब केवल एक ही रास्ता बचा है- ‘बलूचिस्तान की आजादी’। उन्होंने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान सरकार और सेना की बयानबाजी और धमकियों के बावजूद बलूचिस्तान और पाकिस्तान अब साथ नहीं रह सकते। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पड़ोसी के तौर पर शांति बनाए रखना संभव है।
सरदार अख्तर मेंगल ने यह बयान 9 फरवरी 2026 को लाहौर में आयोजित आसमा जहांगीर कांफ्रेंस के दौरान दिया। इस कार्यक्रम में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के राजनैतिक सलाहकार राणा सनाउल्लाह भी मौजूद थे। अख्तर ने कागज दिखाते हुए बताया कि पाकिस्तान में बलूचिस्तान के विलय के समय मोहम्मद अली जिन्ना ने बलूच जनता के साथ कई वादे किए थे। लेकिन 70 साल बाद ये वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि बलूच जनता के घरों से लोगों को उठाया गया और हत्या की गई।
बलूचिस्तान में बढ़ती असंतोष की कहानी
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि 31 जनवरी 2026 को बलूच लिबरेशन समूहों ने कई शहरों में स्थित सैन्य ठिकानों पर एक साथ हमला किया। इस दौरान आम लोग बलूच लड़ाकों के साथ खड़े थे, उनके साथ सेल्फी लेते दिखे और महिलाएं उन्हें खाना दे रही थीं। बलूच जनता को लगता है कि यही लड़ाके उन्हें पाकिस्तान की सेना द्वारा किए जा रहे जुल्म से बचा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जब पाकिस्तान की सेना इलाके में जाती है, तो लोग घरों में छिप जाते हैं।
अख्तर मेंगल ने बांग्लादेश की स्वतंत्रता का उदाहरण देते हुए कहा कि पाकिस्तान की पंजाबी हुकूमत ने बांग्लादेश में समझौता किया था कि “यहाँ हम सही, वहां तुम सही।” अब बलूचिस्तान में खून खराबा रोकने के लिए यही दृष्टिकोण अपनाना होगा।
सांसद से इस्तीफा
![]()
पूर्व मुख्यमंत्री अख्तर मेंगल ने 10 फरवरी को अपने सांसद पद से इस्तीफा दे दिया। पाकिस्तान के संसद के स्पीकर ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। यह कदम राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तर पर बलूचिस्तान में बढ़ते असंतोष का संकेत है। अख्तर के इस्तीफे के बाद पाकिस्तान की संसद और सरकार पर दबाव बढ़ गया है कि वे बलूचिस्तान के हालात को गंभीरता से लें।
बलूचिस्तान का विद्रोह इतिहास
बलूचिस्तान में विद्रोह और सशस्त्र संघर्ष का इतिहास काफी पुराना है। यह संघर्ष लगातार पांच चरणों में चला है। पहला हथियारबंद विद्रोह 1947 में बलूचिस्तान के पाकिस्तान में विलय के समय शुरू हुआ। दूसरा विद्रोह कलात इलाके की सत्ता छीने जाने के कारण हुआ। तीसरा विद्रोह 1962 में सेना की छावनी बनने पर शुरू हुआ। चौथा विद्रोह 1973 से 1977 तक चला जब तत्कालीन तानाशाह जुल्फीकार अली भुट्टो ने बलूचिस्तान की नेशनल अवामी पार्टी की सरकार को बर्खास्त कर दिया।
पांचवां विद्रोह 2000 में शुरू हुआ जब परवेज मुशर्रफ ने बिना बलूच जनता की सहमति के ग्वादर पोर्ट का काम शुरू किया। 2006 में नवाब बुगती की हत्या के बाद यह विद्रोह हथियारबंद संघर्ष का रूप ले लिया। इस संघर्ष के बाद कई सशस्त्र संगठन बने जैसे बलूच लिबरेशन आर्मी, बलूच लिबरेशन फ्रंट और बलूच रिपब्लिकन आर्मी। पाकिस्तान सरकार ने इन समूहों को टेरेरिस्ट संगठन घोषित कर रखा है।
बलूचिस्तान में वर्तमान स्थिति
बलूचिस्तान में आज का विद्रोह पांचवें चरण में है और यह संघर्ष लगातार गहराता जा रहा है। सरदार अख्तर मेंगल ने बताया कि बलूच लोग पाकिस्तान के साथ रहना चाहते हैं, लेकिन वर्तमान हालात में यह संभव नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बलूचिस्तान के अधिकार और सुरक्षा सुनिश्चित नहीं किए गए तो स्वतंत्रता की मांग अनिवार्य हो जाएगी।
पूर्व CM का कहना है कि पाकिस्तान सरकार और सेना की बयानबाजी और मीडिया के जरिए भारत से जोड़ने की कोशिशें असफल रही हैं। बलूचिस्तान की जनता और स्थानीय नेता इसे नजरअंदाज नहीं करेंगे। उन्होंने बलूचिस्तान के लोगों की सुरक्षा, सांस्कृतिक पहचान और राजनीतिक अधिकारों की रक्षा पर जोर दिया।











