बलूचिस्तान में BLA ने ऑपरेशन हेरोफ फेज 2 के तहत कई जिलों में हमले किए। संगठन ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को भारी नुकसान का दावा किया है, जबकि पाकिस्तान सरकार ने अलगाववादियों के मारे जाने की बात कही है।
Pakistan: बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने 'ऑपरेशन हेरोफ फेज 2' के तहत बलूचिस्तान के कई जिलों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया है। बीएलए के अनुसार इस हमले में 200 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और 17 को पकड़ा गया। हालांकि पाकिस्तान सरकार का दावा है कि इस ऑपरेशन में 92 अलगाववादी मारे गए। बीएलए ने अपने 18 लड़ाकों के मारे जाने की पुष्टि की है, जिनमें एक महिला फिदायीन भी शामिल थी।
ऑपरेशन हेरोफ फेज 2
बलूच विद्रोही संगठन बीएलए ने बताया कि ऑपरेशन हेरोफ फेज 2 पिछले 40 घंटे से ज्यादा समय से चल रहा है। यह अभियान बलूचिस्तान के खारान, मस्तुंग, टुम्प और पसनी जैसे जिलों में सक्रिय है। बीएलए के प्रवक्ता जीयांद बलूच ने बताया कि इस दौरान उनके लड़ाके क्वेटा और नोशकी के कुछ हिस्सों में भी मौजूद थे और उन्होंने स्थानीय मिलिट्री की मौजूदगी को पीछे धकेला।
200 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराने का दावा
बीएलए के दावों के अनुसार पाकिस्तान की सेना, पुलिस और फ्रंटियर कॉर्प्स के 200 से अधिक जवान मारे गए। इसके अलावा कम से कम 17 लोगों को पकड़ने का दावा भी किया गया है। हालांकि, बीएलए ने इन आंकड़ों को प्रारंभिक और सावधानी भरे अनुमान के रूप में पेश किया। इसका मतलब यह भी है कि असल नुकसान इससे अधिक हो सकता है।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने कहा कि हमलों में 17 कानून प्रवर्तन अधिकारी और 31 नागरिक मारे गए। इस बीच बीएलए ने चेतावनी जारी की कि जो स्थानीय अधिकारी और पुलिसकर्मी पाकिस्तानी सेना की मदद करेंगे, उन्हें दुश्मन माना जाएगा।
बीएलए के लड़ाकों का भी नुकसान
![]()
पाकिस्तान की सेना ने शनिवार को बताया कि 92 अलगाववादी मारे गए, जबकि शुक्रवार को 41 अलगाववादी मारे गए थे। बीएलए ने भी अपने संगठन के हुए नुकसान को स्वीकार किया। ग्रुप ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान उनके 18 लड़ाके मारे गए, जिनमें मजीद ब्रिगेड के 11 फिदायीन (आत्मघाती हमलावर), फतेह स्क्वाड के चार लड़ाके और STOS यूनिट के तीन लड़ाके शामिल थे।
बीएलए ने यह भी माना कि हमलों में महिला फिदायीन भी शामिल थीं। संगठन ने खास तौर पर आसिफा मेंगल का जिक्र किया, जो 2 अक्टूबर 2023 को मजीद ब्रिगेड में शामिल हुई थीं और जनवरी 2024 में फिदायीन बनने का फैसला किया था।
ऑपरेशन की रणनीति
बीएलए के इस ऑपरेशन में विभिन्न हथियार और IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) का इस्तेमाल किया गया। संगठन ने कहा कि उनके लड़ाकों ने कई इलाकों में नियंत्रण स्थापित किया और पाकिस्तानी मिलिट्री की कार्रवाई को रोकने में सफलता पाई। ऑपरेशन के दौरान बलूच फिदायीनों ने आत्मघाती हमले भी किए, जिससे पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को गंभीर नुकसान हुआ।
प्रशासन की स्थिति
बीएलए के ऑपरेशन के चलते बलूचिस्तान के कई जिलों में तनाव बढ़ गया है। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा उपाय बढ़ाए हैं, लेकिन हिंसा के कारण नागरिकों में डर और असुरक्षा की भावना व्याप्त है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांतिपूर्वक रहें और सुरक्षा बलों के निर्देशों का पालन करें।
महिला फिदायीन का रोल
ऑपरेशन में महिला फिदायीन की भागीदारी ने वैश्विक सुरक्षा विशेषज्ञों और मीडिया का ध्यान खींचा है। बीएलए ने इसे अपने रणनीतिक संदेश का हिस्सा बताया। संगठन ने कहा कि यह दिखाने के लिए कि उनके सभी वर्गों के सदस्य संघर्ष में शामिल हैं, महिला फिदायीन भी ऑपरेशन में सक्रिय रही।
पाकिस्तान और बीएलए के आंकड़ों में अंतर
बीएलए और पाकिस्तान सरकार के आंकड़ों में अंतर स्पष्ट है। बीएलए ने 200 पाक सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है, जबकि पाकिस्तान ने केवल 92 अलगाववादियों के मारे जाने की बात कही है।











