बीएमसी चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। गुरुवार, 25 दिसंबर को जारी इस सूची में 15 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई।
Mumbai BMC Election: आगामी मुंबई महानगर पालिका (BMC) चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार, 25 दिसंबर को अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने 15 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। इसके साथ ही अब तक AAP कुल 227 में से 36 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार चुकी है। पार्टी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि वह BMC चुनाव अकेले लड़ेगी और किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी।
सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा
AAP की मुंबई अध्यक्ष प्रीति मेनन ने प्रेस बयान में कहा कि आम आदमी पार्टी मुंबई की सभी 227 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि जहां बीजेपी, कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव गुट और शिंदे गुट) और एनसीपी जैसे बड़े दल अब तक एक भी सूची जारी नहीं कर पाए हैं, वहीं AAP ने दो चरणों में 36 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
प्रीति मेनन ने कहा, जब बाकी पार्टियां आपसी खींचतान और गठबंधन की गणित में उलझी हैं, तब आम आदमी पार्टी जमीनी स्तर पर काम करते हुए उम्मीदवारों की घोषणा कर रही है।
![]()
उद्धव-राज ठाकरे के संभावित गठबंधन पर प्रतिक्रिया
AAP ने इस दौरान उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के संभावित गठबंधन को लेकर भी टिप्पणी की। पार्टी की मुंबई अध्यक्ष ने कहा कि दो भाइयों का एक साथ आना खुशी की बात है, लेकिन मौजूदा राजनीतिक हालात में यह सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नजर आ रहा है। उन्होंने कहा,
'आज मुंबई ने सिर्फ उद्धव ठाकरे, राज ठाकरे और बीजेपी नेता आशीष शेलार को एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करते हुए देखा है। कांग्रेस हमेशा की तरह राजनीतिक परिदृश्य से गायब है।'
AAP का आरोप है कि मुंबई की जनता असल मुद्दों से भटकाई जा रही है, जबकि शहर की बुनियादी समस्याओं पर कोई ठोस चर्चा नहीं हो रही।
यथास्थिति के लाभार्थी हैं सभी मौजूदा दल – AAP
आम आदमी पार्टी ने मौजूदा राजनीतिक दलों पर BMC को लूटने का गंभीर आरोप भी लगाया। प्रीति मेनन के मुताबिक, चाहे कोई दल सत्ता में रहा हो या विपक्ष में, सभी ने मिलकर यथास्थिति का फायदा उठाया है। उन्होंने कहा, सच्चाई यह है कि मुंबई महानगर पालिका में मौजूद सभी दल यथास्थिति के लाभार्थी रहे हैं। कभी सत्ताधारी बनकर तो कभी विपक्ष में रहते हुए मिलीभगत से BMC को नुकसान पहुंचाया गया है।
AAP ने यह भी आरोप लगाया कि पारंपरिक राजनीतिक दलों के पास जनता को दिखाने के लिए कोई ठोस काम नहीं है। इसी वजह से वे एक-दूसरे पर कीचड़ उछालकर ध्यान भटकाने की रणनीति अपना रहे हैं। AAP नेता ने कहा कि, इन पार्टियों के पास न विजन है और न ही कोई ठोस एजेंडा। इसलिए वे चुनाव से पहले सिर्फ बयानबाजी और आरोपों में उलझी हुई हैं।











