चीन के तियानजिन स्थित नेशनल सुपरकंप्यूटिंग सेंटर से करीब 10 पीटाबाइट संवेदनशील डेटा लीक होने का मामला सामने आया है। हैकर ने VPN और बॉटनेट के जरिए महीनों तक डेटा चोरी की और बाद में टेलीग्राम पर इसके सैंपल साझा कर क्रिप्टोकरेंसी में बेचने की कोशिश की।
China Supercomputer Hacked: चीन के तियानजिन स्थित नेशनल सुपरकंप्यूटिंग सेंटर में एक बड़े साइबर हमले का खुलासा हुआ है, जहां एक हैकर ने करीब 10 पीटाबाइट गोपनीय डेटा चुरा लिया। यह घटना फरवरी की शुरुआत में सामने आई, जब ‘फ्लेमिंगचाइना’ नाम के टेलीग्राम अकाउंट से डेटा के सैंपल शेयर किए गए। साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, हमलावर ने VPN एंट्री प्वाइंट और बॉटनेट की मदद से सिस्टम में घुसपैठ की। चोरी किए गए डेटा में डिफेंस, एयरोस्पेस और एडवांस रिसर्च से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज शामिल हैं, जिन्हें अब क्रिप्टोकरेंसी के बदले बेचने की कोशिश की जा रही है।
कहां और कितना बड़ा है डेटा लीक
रिपोर्ट्स के अनुसार, हैकिंग तियानजिन के नेशनल सुपरकंप्यूटिंग सेंटर में हुई, जहां से बड़ी मात्रा में डेटा एक्सेस किया गया। यह सेंटर करीब 6,000 से अधिक संस्थानों को सेवाएं देता है, जिनमें एयरोस्पेस, डिफेंस और वैज्ञानिक रिसर्च से जुड़े संगठन शामिल हैं।
डेटा लीक का आकार करीब 10 पीटाबाइट बताया जा रहा है, जो बेहद विशाल है। तुलना के लिए समझें तो 1 पीटाबाइट में 1,000 टेराबाइट होते हैं, यानी यह डेटा लाखों सामान्य कंप्यूटरों की स्टोरेज के बराबर हो सकता है।
![]()
हैकर ने कैसे दिया हमले को अंजाम
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, हमलावर ने एक VPN एंट्री प्वाइंट का इस्तेमाल कर सिस्टम में घुसपैठ की और फिर बॉटनेट के जरिए लंबे समय तक डेटा एक्सफिल्ट्रेशन करता रहा। खास बात यह है कि यह प्रक्रिया महीनों तक बिना किसी अलर्ट के चलती रही।
हालांकि बॉटनेट का इस्तेमाल कोई नया तरीका नहीं है, लेकिन इस मामले में इसकी प्रभावशीलता ने विशेषज्ञों को चौंका दिया है। इससे यह भी संकेत मिलता है कि सिस्टम की निगरानी और सुरक्षा प्रोटोकॉल में कहीं न कहीं गंभीर खामी थी।
टेलीग्राम पर लीक डेटा और बिक्री की कोशिश
चोरी किए गए डेटा का खुलासा तब हुआ जब फरवरी की शुरुआत में ‘फ्लेमिंगचाइना’ नाम के एक टेलीग्राम अकाउंट ने कुछ सैंपल साझा किए। इन सैंपल में मिलिट्री टेक्नोलॉजी, फाइटर जेट डिजाइन, बायोइंफोर्मेटिक्स और फ्यूजन सिमुलेशन से जुड़े दस्तावेज शामिल थे।
विशेषज्ञों के अनुसार, इन दस्तावेजों पर “सीक्रेट” मार्किंग थी, जो उनकी संवेदनशीलता को दर्शाती है। रिपोर्ट्स यह भी बताती हैं कि हैकर इन डेटा को क्रिप्टोकरेंसी के बदले बेचने की कोशिश कर रहा है, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है।











