Closing Bell: ट्रंप के अल्टीमेटम से सहमा बाजार, सेंसेक्स 1,836 अंक गिरकर बंद

अमेरिका-ईरान तनाव और ट्रंप के अल्टीमेटम के चलते भारतीय शेयर बाजार में बिकवाली, सेंसेक्स 1,836 अंक और निफ्टी 601 अंक गिरकर बंद हुआ।

अमेरिका-ईरान तनाव और ट्रंप के अल्टीमेटम से भारतीय शेयर बाजार सोमवार को कमजोर बंद हुआ। सेंसेक्स 1,836 अंक और निफ्टी 601 अंक गिरकर बंद हुए। निवेशक सतर्क रहे, एचडीएफसी बैंक और टाइटन में भारी बिकवाली देखने को मिली।

Closing Bell: सोमवार, 23 मार्च 2026 को भारतीय शेयर बाजार वैश्विक बाजारों में गिरावट और अमेरिका-ईरान तनाव के असर के बीच कमजोर बंद हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के ईरान को दिए गए अल्टीमेटम के बाद निवेशकों में सतर्कता बढ़ी। ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान 48 घंटे के भीतर हॉर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोलेगा तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट पर हमला करेगा। इस स्थिति ने बाजार में नकारात्मक माहौल बना दिया।

साथ ही, इंडेक्स हैवीवेट एचडीएफसी बैंक के शेयरों में बड़ी गिरावट का भी बाजार पर दबाव रहा। निवेशकों ने जोखिम भरे माहौल में बिकवाली को प्राथमिकता दी।

सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) सोमवार को 73,732 पर खुला और खुलते ही बिकवाली के दबाव में गिरावट दर्ज की गई। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 72,558 तक फिसला और अंत में 1,836.57 अंक या 2.46 प्रतिशत की गिरावट लेकर 72,696.39 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 22,824 पर खुला और इंट्रा-डे ट्रेड में यह 22,471.25 तक गया। अंत में निफ्टी 601.85 अंक या 2.60 प्रतिशत गिरकर 22,512 पर बंद हुआ।

निवेशकों की प्रतिक्रिया और विशेषज्ञों की राय

जियोजित इंवेस्टमेंट्स में रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा कि एशियाई बाजारों में कमजोरी और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर दिखा। वैश्विक ऊर्जा सप्लाई में बाधा की आशंका से निवेशक चिंतित रहे। ट्रंप के अल्टीमेटम के बाद निवेशकों का रुख और सतर्क हो गया।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर बढ़ती बॉन्ड यील्ड महंगाई और सरकारी खर्च के प्रति चिंता बढ़ा रही है। रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने से बाजार पर अतिरिक्त दबाव आया और विदेशी निवेशकों की बिकवाली बढ़ी। शॉर्ट टर्म में बाजार में जोखिम से बचने का रुख बना रह सकता है। हालांकि, इस गिरावट में लंबी अवधि के लिए चुनिंदा निवेश मौके भी बन रहे हैं।

सेंसेक्स के टॉप लॉसर्स और गेनर्स

सेंसेक्स में टाइटन सबसे ज्यादा 7 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। इसके अलावा ट्रेंट लिमिटेड, अल्ट्रा सीमेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, इंडिगो, अदाणी पोर्ट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में भी भारी गिरावट देखी गई।

दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड और टेक महिंद्रा हरे निशान में रहे। ब्रोडर मार्केट का प्रदर्शन बेंचमार्क इंडेक्स से कमजोर रहा। निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमशः 3.69 प्रतिशत और 4.16 प्रतिशत की गिरावट में रहे।

सेक्टोरल परफॉर्मेंस

सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी कंस्ट्रक्शन ड्यूरेबल इंडेक्स में 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई और यह सबसे अधिक नुकसान में रहने वाला इंडेक्स रहा। निफ्टी रियल्टी और निफ्टी मेटल सेक्टर का प्रदर्शन भी खराब रहा। वहीं, निफ्टी आईटी सेक्टर ने सबसे कम नुकसान के साथ बेहतर प्रदर्शन किया।

निवेशकों की संपत्ति में नुकसान

निवेशकों की कुल संपत्ति में करीब 13 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों का असर घरेलू बाजार पर पड़ा। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 4,15,03,541 करोड़ रुपये रह गया, जबकि शुक्रवार को यह 428.78 लाख करोड़ रुपये था।

ग्लोबल मार्केट्स का प्रदर्शन

एशिया के ज्यादातर बाजार सोमवार को गिरावट में रहे। मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध के हालात का निवेशक मूल्यांकन कर रहे थे। जापान का निक्की 225 सोमवार को 3.3 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कॉपी इंडेक्स 4.6 प्रतिशत की गिरावट पर ट्रेड कर रहा था।

पिछले शुक्रवार को अमेरिका के एसएंडपी 500 और डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज क्रमशः 1.51 प्रतिशत और 0.96 प्रतिशत नीचे बंद हुए थे। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और ऊर्जा की कीमतों में वृद्धि का असर भी बाजार पर दिखा।

ब्रेंट क्रूड और गोल्ड पर असर

ब्रेंट क्रूड में बढ़ोतरी हुई। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान 48 घंटे के भीतर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज नहीं खोलेगा तो अमेरिका उसके पावर प्लांट्स को नष्ट कर देगा। इसके जवाब में ईरान ने मिडिल ईस्ट में ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले की धमकी दी।

ब्रेंट का मई फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट 0.66 प्रतिशत बढ़कर 107.11 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। वहीं, गोल्ड फ्यूचर्स में 3.34 प्रतिशत की गिरावट आई। अमेरिका और ईरान के तनाव ने मुद्रास्फीति और उधार लागत के परिदृश्य पर असर डाला।

Leave a comment