दौसा के कलेक्ट्रेट चौराहे पर ट्रेलर पलटने से हाईवे पर जाम लग गया। बाइक सवार युवक घायल हुआ। पुलिस ने प्राइवेट क्रेन से ट्रेलर हटवाकर यातायात बहाल कराया।
Rajasthan: दौसा जिले में सोमवार रात जयपुर–आगरा नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कलेक्ट्रेट चौराहे के पास रात करीब 9 बजे डेयरी प्रोडक्ट से भरा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। यह हादसा उस समय हुआ, जब ट्रेलर चालक ने सड़क पार कर रहे एक बाइक सवार युवक को बचाने की कोशिश की।
कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय ने बताया कि ट्रेलर जयपुर की ओर से आगरा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान अचानक सामने बाइक आ जाने से चालक ने संतुलन खो दिया और ट्रेलर पलट गया।
ट्रेलर की चपेट में आया बाइक सवार
हादसे में बाइक सवार युवक ट्रेलर की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

ट्रेलर के पलटते ही उसमें भरे डेयरी प्रोडक्ट सड़क पर फैल गए। दूध, दही और अन्य सामान हाईवे पर बिखर जाने से सड़क पूरी तरह जाम हो गई। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एक घंटे बाद खुला जाम
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने हाईवे कंपनी को क्रेन भेजने के लिए सूचना दी, लेकिन काफी देर तक क्रेन नहीं पहुंच सकी।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने निजी क्रेन की व्यवस्था की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाया गया। इसके बाद बिखरे डेयरी प्रोडक्ट हटवाकर हाईवे पर यातायात सुचारू किया गया।
पुलिस ने बताया कि हादसे में किसी की जान नहीं गई, जो राहत की बात है। मामले की जांच की जा रही है और वाहन चालकों से हाईवे पर सतर्कता बरतने की अपील की गई है।










