बॉलीवुड अभिनेत्री मृणाल ठाकुर इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में हैं। पिछले कुछ महीनों से उनका नाम अभिनेता धनुष के साथ जोड़ा जा रहा है, हालांकि दोनों ने अब तक अपने रिश्ते पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
Mrunal Thakur On Love: मृणाल ठाकुर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ और हाल ही में रिलीज हुए सिंगल सॉन्ग ‘भीगी भीगी’ को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें वह दुलकर सलमान के साथ नजर आई हैं। इसी बीच, लंबे समय से उनका नाम अभिनेता धनुष के साथ जोड़ा जा रहा था और कुछ समय पहले दोनों की शादी की अफवाहें भी चलीं, जो बाद में सिर्फ अफवाह साबित हुईं। हाल ही में मृणाल ने अपने अफेयर और प्यार के अनुभव को एक खूबसूरत एहसास करार दिया है।
धनुष संग अफेयर की अफवाहों के बीच आया बयान
मृणाल ठाकुर का नाम पिछले दिनों धनुष के साथ कथित तौर पर जुड़ने के बाद चर्चा में रहा। सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में दोनों की नजदीकियों को लेकर कयास लगाए गए, यहां तक कि शादी की खबरें भी सामने आईं। हालांकि, बाद में इन्हें महज अफवाह बताया गया। इन अटकलों के बीच मृणाल ने हाल ही में एक इंटरव्यू में प्यार पर अपनी सोच साझा की, जिसने एक बार फिर लोगों का ध्यान खींचा है। उनका यह बयान न सिर्फ रोमांटिक नजरिए को दर्शाता है, बल्कि रिश्तों और भावनाओं पर उनकी परिपक्व सोच को भी उजागर करता है।
फिल्मीज्ञान को दिए गए इंटरव्यू में मृणाल ने कहा, “मेरे लिए प्यार एक बेहद खूबसूरत एहसास है। इस धरती पर हर इंसान को इसे महसूस करना चाहिए। यह आपको बेहतर इंसान बनाता है और आपके भीतर की भावनाओं को नया आयाम देता है। उन्होंने आगे कहा, “प्यार कहीं न कहीं आपके भीतर के बच्चे को ठीक करने जैसा है। यह आपको सिखाता है, बदलता है और संवेदनशील बनाता है। मैं चाहती हूं कि हर किसी को अपने जीवन में सच्चा प्यार मिले।
![]()
क्या प्यार में महिलाएं ज्यादा उदार होती हैं?
जब उनसे पूछा गया कि क्या प्यार में महिलाएं ज्यादा त्याग करती हैं या उदार होती हैं, तो मृणाल ने इस धारणा से असहमति जताई। उन्होंने कहा, “मैं इससे सहमत नहीं हूं कि केवल महिलाएं ही ज्यादा देती हैं। जो भी प्यार में होता है, वह उदार हो जाता है—चाहे वह पुरुष हो या महिला। उन्होंने यह भी जोड़ा कि प्यार को स्वीकार करना कई बार मुश्किल होता है। “कभी-कभी प्यार को पहचानना और अपनाना कठिन होता है, क्योंकि आज के समय में इसकी परिभाषा लगातार बदल रही है,” उन्होंने कहा।
मृणाल ने आगे कहा कि जब कोई सच में प्यार में होता है, तो वह पूरी तरह समर्पित हो जाता है। “प्यार में आप देने वाले बन जाते हैं। आप सामने वाले के लिए कुछ भी करने को तैयार रहते हैं। यह लिंग पर निर्भर नहीं करता—यह भावना पर निर्भर करता है,” उन्होंने बताया।
पेशेवर मोर्चे पर व्यस्त हैं मृणाल
निजी जिंदगी के अलावा मृणाल ठाकुर इन दिनों अपने काम को लेकर भी चर्चा में हैं। हाल ही में उनका नया सिंगल ‘भीगी भीगी’ रिलीज हुआ है, जिसमें वह दुलकर सलमान के साथ नजर आई हैं। इस गाने को एआर रहमान ने कंपोज किया है, जबकि गीत इरशाद कामिल ने लिखा है। इसे एआर अमीन और जसलीन रॉयल ने गाया है।
इसके अलावा, मृणाल जल्द ही रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ में दिखाई देंगी। इसमें उनके साथ सिद्धांत चतुर्वेदी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म को एक आधुनिक प्रेम कहानी बताया जा रहा है, जो भावनाओं, यादों और रिश्तों की गहराई को दिखाती है। ‘दो दीवाने सहर में’ 20 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।









