AI और ऑटोमेशन ने साइबर अपराध को अभूतपूर्व रूप से खतरनाक बना दिया है। अब अपराधी संगठित कंपनियों की तरह काम कर रहे हैं और डीपफेक, सोशल इंजीनियरिंग व Crime-as-a-Service जैसे तरीकों से बड़े पैमाने पर ठगी कर रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, AI आधारित साइबर हमले तेजी से बढ़ रहे हैं।
AI Cyber Crime Threat: ग्लोबल साइबरपीस समिट 2026 में भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने खुलासा किया कि 2024–2025 के दौरान भारत समेत कई देशों में दर्ज साइबर हमलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का व्यापक इस्तेमाल हुआ। ये हमले दक्षिण-पूर्व एशिया, अफ्रीका और मध्य-पूर्व से संचालित संगठित नेटवर्क द्वारा किए जा रहे हैं। AI की मदद से अपराधी डीपफेक, फर्जी मैसेज और ट्रिपल एक्सटॉर्शन जैसे तरीकों से लोगों और संस्थानों को निशाना बना रहे हैं, जिससे नुकसान का स्तर तेजी से बढ़ रहा है।
AI से ताकतवर हुए साइबर अपराधी
ग्लोबल साइबरपीस समिट 2026 में भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के सीईओ राजेश कुमार ने बताया कि 2024–2025 के दौरान दर्ज साइबर हमलों में AI और ऑटोमेशन का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल हुआ है। गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाला I4C देशभर की एजेंसियों को साइबर अपराध से निपटने के लिए एक साझा ढांचा देता है।
उनके मुताबिक, अब साइबर अपराधी किसी छोटे गैंग की तरह नहीं, बल्कि पूरी कंपनी की तरह काम कर रहे हैं। दक्षिण-पूर्व एशिया, अफ्रीका, मध्य-पूर्व और भारत के कुछ हिस्सों से संचालित ये नेटवर्क भर्ती, ट्रेनिंग और रिसर्च तक के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर काम कर रहे हैं।
![]()
सोशल इंजीनियरिंग और डीपफेक का बढ़ता खतरा
आज भी कई साइबर हमले सोशल इंजीनियरिंग पर आधारित हैं, लेकिन अब इसमें AI की ताकत जुड़ चुकी है। फर्जी SMS, ईमेल और WhatsApp मैसेज ऑटोमेटेड स्क्रिप्ट और पर्सनलाइजेशन के जरिए तैयार किए जा रहे हैं, जिससे वे बेहद असली लगते हैं।
इसके अलावा डीपफेक तकनीक ने खतरे को और बढ़ा दिया है। डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों में अपराधी पुलिस या अधिकारी की नकली आवाज और चेहरा दिखाकर लोगों को डराते हैं। कई मामलों में वरिष्ठ अधिकारी तक इस तरह की ठगी का शिकार हो चुके हैं।
Crime-as-a-Service और ट्रिपल एक्सटॉर्शन
AI के साथ साइबर अपराध में Crime-as-a-Service का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसमें संगठित गिरोह उन लोगों को भी साइबर क्राइम की सुविधा देते हैं, जिन्हें तकनीकी जानकारी नहीं होती। पैसे देकर कोई भी तैयार साइबर अपराध सेवा खरीद सकता है।
रैनसमवेयर हमलों में अब ट्रिपल एक्सटॉर्शन मॉडल अपनाया जा रहा है। पहले डेटा लॉक किया जाता है, फिर उसे लीक करने की धमकी दी जाती है और अंत में पीड़ित की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का डर दिखाया जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2025 में साइबर अपराध से वैश्विक नुकसान 10.8 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचा और अब यह 12 ट्रिलियन डॉलर के करीब माना जा रहा है।











