ट्रंप द्वारा Epstein Files Transparency Act पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद न्याय विभाग को 30 दिनों में एपस्टीन के अपराध, नेटवर्क और उनकी जेल मौत से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक करने होंगे। इससे वर्षों पुराने रहस्य और हाई-प्रोफाइल संबंधों पर बड़ा खुलासा संभव है।
Epstein Files: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ‘Epstein Files Transparency Act’ पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसके बाद न्याय विभाग को जेफरी एपस्टीन के यौन अपराधों से जुड़ी सभी फाइलें, संचार और 2019 में उनकी जेल में हुई मौत की जांच से जुड़ी जानकारी को 30 दिनों के भीतर सार्वजनिक करना होगा। ट्रंप के इस फैसले के बाद एपस्टीन से जुड़े वर्षों पुराने सवालों और रहस्यों पर फिर से ध्यान केंद्रित हो गया है।
30 दिनों में सभी दस्तावेज सार्वजनिक होंगे
राजनीतिक दबाव के बीच ट्रंप ने इस विधेयक को मंजूरी दी, जिसके तहत दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएंगे। न्याय विभाग अब मौत और अपराधों से जुड़ी जानकारी को रोक नहीं सकेगा। कानून स्पष्ट करता है कि इस बार किसी भी जानकारी को “शर्मिंदगी, प्रतिष्ठा को नुकसान या राजनीतिक संवेदनशीलता” जैसे कारणों से रोका नहीं जा सकता। केवल पीड़ितों की गोपनीयता को सुरक्षित रखने का प्रावधान रखा गया है।
डेमोक्रेट्स पर भटकाने का आरोप
![]()
ट्रंप ने Truth Social पर कहा कि डेमोक्रेट्स इस मुद्दे का इस्तेमाल उनकी चुनावी जीत से ध्यान हटाने के लिए कर रहे हैं। उनका दावा है कि एपस्टीन का मामला रिपब्लिकन की तुलना में डेमोक्रेट्स को अधिक प्रभावित करता है और इसे राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।
द्विदलीय समर्थन के साथ विधेयक पारित
सदन में यह विधेयक भारी बहुमत से पास हुआ और केवल 1 वोट इसके विरोध में गया। रिपब्लिकन पार्टी, जो पहले इस प्रस्ताव का विरोध कर रही थी, अचानक इसके समर्थन में आ गई। राजनीतिक गलियारों में इसे चौंकाने वाला बदलाव माना गया है। इस विधेयक के पास होने से एपस्टीन की आपराधिक गतिविधियों और उनकी मौत से जुड़े कई अनसुलझे सवालों पर जवाब मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
क्या ट्रंप के पुराने दोस्त के रहस्यों का होगा खुलासा
एपस्टीन वर्षों तक अमेरिकी बिजनेस और राजनीति की कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों के करीब रहे। यह बात सामने आ चुकी है कि ट्रंप भी एपस्टीन को जानते थे। हालांकि ट्रंप ने कई बार कहा है कि उन्हें एपस्टीन के अपराधों की जानकारी नहीं थी और उन्होंने बहुत पहले उनसे दूरी बना ली थी। अब सवाल यह है कि दस्तावेजों के सामने आने के बाद क्या एपस्टीन के नेटवर्क के बड़े नामों का पर्दाफाश होगा और क्या इससे ट्रंप पर भी राजनीतिक दबाव बढ़ेगा।











