फीफा वर्ल्ड कप 2026 में आज 6 रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। जर्मनी के सामने इक्वाडोर की चुनौती होगी, जहां जीत इक्वाडोर के लिए जरूरी है। वहीं अमेरिका, जापान और नीदरलैंड जैसी टीमें नॉकआउट की दौड़ मजबूत करने उतरेंगी।
FIFA WORLD CUP 2026: फुटबॉल वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज के मुकाबले रोमांचक दौर में पहुंच चुके हैं। टूर्नामेंट में आज कुल छह मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें कई टीमों के लिए नॉकआउट चरण में पहुंचने का रास्ता तय होगा। भारतीय समयानुसार सभी मुकाबले 26 जून को खेले जाएंगे।
दिन के सबसे बड़े मुकाबलों में जर्मनी और इक्वाडोर की भिड़ंत शामिल है। इक्वाडोर अब तक अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में जर्मनी को हराने में सफल नहीं रहा है। वहीं, मेजबान अमेरिका का सामना तुर्की से होगा, जो टूर्नामेंट में अब तक एक भी गोल नहीं कर सकी है।
जर्मनी के खिलाफ इक्वाडोर के लिए जीत जरूरी
ग्रुप-ई में जर्मनी शानदार प्रदर्शन के साथ शीर्ष पर है। टीम ने अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर 6 अंक हासिल कर लिए हैं और नॉकआउट चरण में अपनी जगह लगभग पक्की कर चुकी है। दूसरी ओर इक्वाडोर की टीम 1 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है और उसे अगले दौर की उम्मीद बनाए रखने के लिए यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा।
दोनों टीमों के बीच अब तक दो अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं और दोनों में जर्मनी ने जीत दर्ज की है। विश्व कप इतिहास में भी दोनों का आमना-सामना हो चुका है। 2006 विश्व कप में जर्मनी ने इक्वाडोर को 3-0 से हराया था।
इक्वाडोर की उम्मीदें अनुभवी स्ट्राइकर एनर वैलेंसिया पर होंगी, जो बड़े मैचों में टीम के लिए अहम भूमिका निभाते रहे हैं। वहीं जर्मनी के लिए युवा स्टार जमाल मुसियाला और फ्लोरियन विर्ट्ज जैसे खिलाड़ी आक्रमण को मजबूती दे सकते हैं।
संभावित प्लेइंग इलेवन
इक्वाडोर: डोमिंगुएज, प्रेसियाडो, टोरेस, पैचो, हिंकापी, फ्रेंको, ग्रुएजो, मोइसेस कैसिडो, पाज, वैलेंसिया, रोड्रिगेज।
जर्मनी: न्यूर, किमिख, रुडिगर, टाह, मितलस्टाट, एंड्रीच, क्रूस, साने, मुसियाला, विर्ट्ज, हावेर्ट्ज।
आइवरी कोस्ट को ड्रॉ से मिलेगा फायदा, कुरासाओ के लिए जीत जरूरी
ग्रुप-ई के एक अन्य मुकाबले में कोटे डी आइवर यानी आइवरी कोस्ट का सामना कुरासाओ से होगा। आइवरी कोस्ट के पास 3 अंक हैं और टीम को अगले दौर में पहुंचने के लिए केवल ड्रॉ की जरूरत है। वहीं कुरासाओ की स्थिति बेहद मुश्किल है। टीम के खाते में सिर्फ 1 अंक है और नॉकआउट की उम्मीद बनाए रखने के लिए उसे हर हाल में जीत हासिल करनी होगी। दोनों देशों के बीच यह पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा। कुरासाओ की नजरें मिडफील्डर ताहित चोंग पर होंगी, जबकि आइवरी कोस्ट अनुभवी खिलाड़ी फ्रैंक केसी के प्रदर्शन से उम्मीद लगाए बैठा है।
जापान को स्वीडन के खिलाफ ड्रॉ भी पहुंचाएगा नॉकआउट में
ग्रुप-एफ में जापान और स्वीडन के बीच मुकाबला भी बेहद अहम होगा। जापान 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि स्वीडन 3 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है। जापान अगर यह मुकाबला ड्रॉ भी कर लेता है तो वह नॉकआउट चरण में पहुंच जाएगा। दूसरी ओर स्वीडन को आगे बढ़ने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
![]()
विश्व कप इतिहास में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी। हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दोनों के बीच दो मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें जापान ने एक मैच जीता है और एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। जापान को स्ट्राइकर अयासे उएदा से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी, जबकि स्वीडन की सबसे बड़ी उम्मीदें अलेक्जेंडर इसाक पर टिकी होंगी।
टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी ट्यूनीशिया का सामना नीदरलैंड से
ग्रुप-एफ में नीदरलैंड और ट्यूनीशिया के बीच मुकाबला खेला जाएगा। ट्यूनीशिया लगातार दो हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, जबकि नीदरलैंड 4 अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है। दोनों टीमों के बीच अब तक तीन अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। नीदरलैंड ने एक मुकाबला जीता है, जबकि दो मैच बराबरी पर समाप्त हुए हैं। विश्व कप में यह दोनों टीमों की पहली भिड़ंत होगी। नीदरलैंड की टीम अपने स्टार फॉरवर्ड मेम्फिस डेपे से गोल की उम्मीद करेगी। वहीं ट्यूनीशिया कप्तान यूसुफ मषाकनी के अनुभव का फायदा उठाना चाहेगी।
मेजबान अमेरिका के सामने तुर्की की चुनौती
ग्रुप-डी में मेजबान अमेरिका और तुर्की के बीच मुकाबला खेला जाएगा। अमेरिका अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर 6 अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है और नॉकआउट में जगह बना चुका है। इसके विपरीत तुर्की के लिए यह अभियान निराशाजनक रहा है। टीम लगातार दो मैच हार चुकी है और अब तक एक भी गोल नहीं कर पाई है।
दोनों देशों के बीच अब तक केवल एक अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला गया है, जिसमें तुर्की ने अमेरिका को 2-1 से हराया था। हालांकि विश्व कप में दोनों पहली बार आमने-सामने होंगी। अमेरिका को फोलारिन बालोगुन और क्रिश्चियन पुलिसिक जैसे खिलाड़ियों से उम्मीद होगी, जबकि तुर्की की नजरें युवा स्टार अरदा गुलर पर होंगी।
पराग्वे और ऑस्ट्रेलिया में आखिरी मौका, जीतने वाली टीम पहुंचेगी आगे
ग्रुप-डी का मुकाबला पराग्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच होगा। दोनों टीमों के पास 3-3 अंक हैं और नॉकआउट में पहुंचने के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है। जो टीम इस मैच में जीत हासिल करेगी, वह सीधे अगले दौर में पहुंच जाएगी। दोनों के बीच अब तक पांच अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया ने दो जीत दर्ज की हैं, जबकि तीन मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।
विश्व कप इतिहास में यह दोनों टीमों की पहली भिड़ंत होगी। पराग्वे को युवा फॉरवर्ड जूलियो एनसिसो से उम्मीदें होंगी, वहीं ऑस्ट्रेलिया अपने अनुभवी कप्तान और गोलकीपर मैथ्यू रयान के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा।
नॉकआउट की दौड़ में बढ़ा रोमांच
FIFA वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज के अंतिम मुकाबलों के साथ नॉकआउट की तस्वीर साफ होने लगी है। जहां कुछ टीमों ने अपनी जगह पक्की कर ली है, वहीं कई टीमों के लिए आखिरी मुकाबले करो या मरो की स्थिति में बदल गए हैं। फुटबॉल प्रशंसकों को अब इन अहम मैचों में रोमांचक मुकाबलों का इंतजार है।











