हमीरपुर के धुंधपुर गांव में महिला ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो आरोपी ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल रेफर किया गया, जबकि ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया।
हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में महिला को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने महिला से छेड़छाड़ की कोशिश की और विरोध करने पर तमंचे से फायर कर दिया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर कमरे में बंद कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पशु बाड़े में चारा डालने गई महिला पर फायरिंग
घटना हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के धुंधपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे सरस्वती निषाद अपने पशु बाड़े में जानवरों को चारा डालने गई थीं। इसी दौरान गांव का रहने वाला अर्जुन वहां पहुंच गया।
आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती और बदनीयती करने की कोशिश की। महिला द्वारा विरोध करने पर उसने तमंचे से गोली चला दी। गोली महिला के बाएं कंधे को चीरते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल महिला ने दिखाई हिम्मत
घायल महिला के अनुसार फायरिंग के बाद आरोपी दोबारा तमंचा लोड करने लगा। इसी दौरान महिला ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया।
महिला की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी पास के एक कमरे में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
ग्रामीणों ने आरोपी को घेरा, पुलिस ने लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही सुमेरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कमरे का दरवाजा खुलवाया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस आरोपी को तमंचे समेत पकड़कर ले गई है। हालांकि पुलिस की ओर से शुरुआती स्तर पर आधिकारिक बयान नहीं दिया गया था।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि महिला पर गोली चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।










