हरियाणा पुलिस अगले दो वर्षों में आधुनिकीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 1300 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इस साल 5500 भर्तियां हो चुकी हैं और नवंबर में 4000 जवानों की भर्ती होगी। अगले साल 20 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती का लक्ष्य रखा गया है।
गुरुग्राम: हरियाणा पुलिस में अगले साल बड़े पैमाने पर भर्ती की तैयारी है। पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल ने सोमवार को बताया कि अगले साल 20 हजार नए पुलिसकर्मियों की भर्ती करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस अगले दो वर्षों में आधुनिकीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 1300 करोड़ रुपये खर्च करेगी, जिसके लिए सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। इस साल अब तक 5500 भर्तियां हो चुकी हैं, जबकि नवंबर में 4000 जवानों की और भर्ती की जाएगी।
दो साल में 1300 करोड़ रुपये खर्च होंगे
DGP अजय सिंघल ने यह जानकारी गुरुग्राम के सेक्टर 17-सी में नवनिर्मित सेक्टर 17-18 थाने की नई बिल्डिंग के उद्घाटन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस के आधुनिकीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए अगले दो वर्षों में करीब 1300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस साल प्रदेश में पुलिस मॉडर्नाइजेशन पर करीब 650 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। पुलिस के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के तहत इस साल पूरे प्रदेश में 8 नए पुलिस थाने, 3 पुलिस चौकियां, 9 पुलिस बिल्डिंग और 313 पुलिस आवासों का निर्माण किया गया है।
साढ़े चार करोड़ में बना नया थाना
गुरुग्राम के सेक्टर 17-18 थाने की नई बिल्डिंग का निर्माण करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। DGP के मुताबिक, इसका निर्माण पुलिस हाउसिंग बोर्ड ने कराया है। इससे पहले थाना पुरानी बिल्डिंग से संचालित हो रहा था।
नई बिल्डिंग को पुलिस के बुनियादी ढांचे को बेहतर करने की दिशा में एक कदम बताया गया है। प्रदेश में पुलिस थानों, चौकियों और कर्मचारियों के आवासों के निर्माण के साथ आधुनिकीकरण पर भी काम जारी है।
नशे और महिला सुरक्षा पर फोकस
नशे की तस्करी को लेकर DGP ने कहा कि पड़ोसी राज्य पंजाब से सबसे अधिक तस्करी हो रही है। इससे निपटने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय भी इस मुद्दे को लेकर गंभीर है।
महिला सुरक्षा के लिए प्रदेश में 33 महिला थाने, CCTV नेटवर्क, 112 ऐप और स्कूल-कॉलेजों के आसपास दुर्गा शक्ति वाहन तैनात किए गए हैं। इसके अलावा महिलाओं के लिए एक ऐप शुरू किया जा रहा है, जिसके जरिए कामकाजी महिलाओं को ट्रिपिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
साइबर क्राइम और एक्सटॉर्शन पर सख्ती
DGP ने साइबर क्राइम को पुलिस के लिए नया चैलेंज बताया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में साइबर अपराध में कमी लाई गई है। वहीं, बढ़ते एक्सटॉर्शन के मामलों पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जनता में भय फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विदेश में बैठे गैंगस्टरों पर कार्रवाई के बारे में उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में 25 गैंगस्टरों को विदेश से डिपोर्ट कर भारत लाया गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस प्रक्रिया को जारी रखा जाएगा।
युवराज मनचंदा मामले में पुलिस चूक की जांच
दिल्ली के युवक युवराज मनचंदा की गुरुग्राम में मौत के मामले में DGP ने पुलिस से हुई चूक को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि मामले में गुरुग्राम पुलिस से चूक हुई है।
DGP के मुताबिक, SOP के अनुसार किसी भी शव का अंतिम संस्कार तीन दिन बाद किया जाता है। इस मामले में कोर्ट ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि मामले में कहां-कहां लैप्स हुए हैं, इसकी जांच की जाएगी और जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।
रोडरेज की घटनाओं को लेकर भी DGP ने पुलिस की गंभीरता की बात कही। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम में महिला बाइकर से जुड़ी घटना के आरोपी को राजस्थान से पकड़कर लाया गया है।












