हिमानी नरवाल की हत्या पर उनकी मां सविता नरवाल ने कहा कि वह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद से ही निशाने पर थीं और हत्या कांग्रेस से जुड़े व्यक्ति ने की हो सकती है।
Himani Muder Case: हरियाणा में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या के बाद से बवाल मचा हुआ है। अब हिमानी की मां सविता नरवाल का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं।
मां ने कांग्रेस पर उठाए सवाल
हिमानी की मां सविता नरवाल ने कहा कि उन्होंने आशा हुड्डा (पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी) को फोन किया था, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह हत्या कांग्रेस पार्टी से जुड़े किसी व्यक्ति ने की हो सकती है।
सविता ने यह भी दावा किया कि हिमानी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद से ही कुछ लोगों की नजरों में खटक रही थी। उन्होंने कहा, "कुछ लोग यह सोचकर हैरान थे कि वह इतनी कम उम्र में इतनी जल्दी आगे कैसे बढ़ गई।"
'रात 2 बजे तक काम करती थी हिमानी'
सविता नरवाल ने बताया कि हिमानी चुनाव के दौरान रात 2 बजे तक पार्टी के लिए काम करती थी। उन्होंने कहा कि घटना वाले दिन हिमानी शाम 4 बजे दिल्ली के लिए निकली थी और दिल्ली बाईपास से बस पकड़ी थी। उस रात दोनों की आखिरी बार बातचीत हुई थी।
हिमानी ने बताया था कि अगले दिन भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कार्यक्रम था, इसलिए वह व्यस्त रहेगी। लेकिन उसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हुआ। सविता ने कहा, "मैंने पूरा दिन इंतजार किया, फिर रात में फोन किया, लेकिन नंबर बंद था। अगली सुबह भी दो बार फोन चालू हुआ और फिर बंद हो गया। इसके बाद दोपहर 3 बजे पुलिस स्टेशन से फोन आया।"
भूपेंद्र हुड्डा ने दिया बयान
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह बहुत दर्दनाक घटना है। उन्होंने हरियाणा की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में राज्य पहले नंबर पर है।
हुड्डा ने कहा, "मैं पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हूं। मैंने एसपी से भी बात की है। उम्मीद है कि शाम तक कुछ सुराग मिल जाएंगे। मैंने कहा है कि जांच होनी चाहिए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए। चाहे वह कोई भी हो, पार्टी का हो या बाहर का, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।"
हिमानी के परिवार ने इस हत्या की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहा है। परिवार ने इस केस की एसआईटी जांच की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।