हनुमानगढ़ कलेक्ट्रेट-कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

हनुमानगढ़ कलेक्ट्रेट-कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

हनुमानगढ़ कलेक्ट्रेट को ईमेल से बम की धमकी मिलने पर कलेक्ट्रेट व जिला न्यायालय खाली कराए गए। पुलिस, बम स्क्वॉड और दमकल टीमें तैनात हैं। परिसर की तलाशी जारी है और सुरक्षा कारणों से प्रवेश पर रोक है।

Rajasthan: जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10.30 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय में रोजमर्रा की तरह कामकाज चल रहा था। इसी दौरान प्रशासन को एक धमकी भरी ईमेल प्राप्त हुई, जिसमें कलेक्ट्रेट भवन को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। मेल में यह भी लिखा गया था कि कुछ ही मिनटों में विस्फोट किया जाएगा। धमकी की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने बिना देर किए सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिया।

कलेक्ट्रेट और न्यायालय परिसर खाली

धमकी मिलते ही कर्मचारियों को मुख्य भवन से बाहर निकलने के निर्देश दिए गए। पहले सभी कर्मचारियों को कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर खुली जगह पर इकट्ठा किया गया, इसके बाद पूरे परिसर को पूरी तरह खाली करा लिया गया। कलेक्ट्रेट के पास ही स्थित जिला न्यायालय परिसर को भी एहतियातन खाली कराया गया। वहां मौजूद सरकारी कर्मचारी, वकील, पक्षकार और अन्य लोग बाहर दुकानों और खुले स्थानों के पास खड़े नजर आए।

बम स्क्वॉड और दमकल की टीमें तैनात

सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कलेक्ट्रेट के सभी गेटों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। किसी भी व्यक्ति को परिसर के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। बम निरोधक दस्ते द्वारा पूरे कलेक्ट्रेट भवन, कार्यालय कक्षों, गलियारों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की जा रही है। दमकल की कई गाड़ियां भी सुरक्षा के लिहाज से तैनात की गई हैं।

ईमेल से मिली धमकी

एडीएम उम्मेदीलाल मीणा ने बताया कि प्रशासन की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल आया था। इसके बाद तुरंत सुरक्षा के सभी जरूरी कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जाएगा। ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मेल कहां से और किसने भेजा।

‘5 मिनट में उड़ाने’ की चेतावनी

सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे मेल में कलेक्ट्रेट को 5 मिनट के भीतर उड़ाने की बात लिखी गई थी। इसी कारण कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाला गया। कुछ ही मिनटों में कलेक्ट्रेट और न्यायालय परिसर को पूरी तरह खाली करा लिया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्षेत्र को सील जैसा कर दिया गया और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई।

कलेक्ट्रेट में हाई अलर्ट

फिलहाल कलेक्ट्रेट परिसर में किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है और पुलिस अधिकारी हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बम स्क्वॉड की जांच पूरी होने तक किसी भी कर्मचारी या आम नागरिक को अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। 

साथ ही प्रशासन ने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हालात की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

Leave a comment