बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती किया गया था और अब उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। इस बीच आईसीयू में उनकी नाजुक हालत वाला वीडियो लीक होने पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने जांच के बाद अस्पताल के एक कर्मचारी को इस निजी वीडियो को चोरी से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डालने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
मुंबई: अभिनेता धर्मेंद्र पिछले 12 दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज करा रहे थे और बुधवार को उन्हें छुट्टी दे दी गई। परिवार ने निर्णय लिया कि अब उनका आगे का उपचार घर पर ही किया जाएगा। इसी दौरान गुरुवार को धर्मेंद्र का आईसीयू से रिकॉर्ड किया गया बेहद संवेदनशील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें उनकी गंभीर हालत दिखाई दे रही थी और उनकी पहली पत्नी उन्हें उठने के लिए बार-बार पुकारती नजर आईं।
वीडियो सामने आते ही प्रशंसकों में चिंता बढ़ गई और मामले ने तूल पकड़ लिया। बाद में सामने आया कि यह वीडियो अस्पताल के ही एक कर्मचारी ने चोरी-छिपे बनाया था। अधिकारीयों ने पुष्टि की कि यह उनकी निजता का गंभीर उल्लंघन है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
लीक वीडियो में छलकी धर्मेंद्र परिवार की बेबसी
वायरल हुए निजी वीडियो में धर्मेंद्र बिस्तर पर बेहद कमजोर हालत में दिखाई दिए, जबकि उनके बेटे बॉबी देओल, सनी देओल और परिवार के अन्य सदस्य चिंतित खड़े थे। उनकी पहली पत्नी प्रकाश कौर फूट-फूटकर रोती नजर आईं और बार-बार अभिनेता को उठने की गुहार लगाती रहीं।
![]()
परिवार के इस बेहद भावुक और निजी पल को रिकॉर्ड कर पब्लिक करने पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। मामले में पुलिस अब अस्पताल के उस कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है जिसने चोरी-छिपे यह वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर फैलाया।
बच्चों की चिंता और हेमा का मजबूत बने रहना
धर्मेंद्र को सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था और इसी बीच उनकी सेहत को लेकर कई अफवाहें फैलने लगीं। इन झूठी खबरों पर हेमा मालिनी और ईशा देओल ने सख्त आपत्ति जताई थी और स्पष्ट किया था कि अभिनेता स्थिर हैं तथा लगातार रिकवरी कर रहे हैं।
हेमा मालिनी ने एक इंटरव्यू में बताया कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान बच्चों—सनी, बॉबी और ईशा—की बेचैनी बढ़ गई थी। उन्होंने कहा कि जब बच्चे रातभर सो नहीं पा रहे थे, तब उन्हें खुद को मजबूत रखना पड़ा ताकि हालात को संभाला जा सके।
सेलेब्रिटीज़ के मिलने से बढ़ा मनोबल
हेमा मालिनी ने अपनी बात में यह भी जोड़ा कि धर्मेंद्र का घर लौट आना परिवार के लिए बड़ी राहत है, क्योंकि उन्हें अपने करीबियों के बीच रहकर ही ताकत मिलती है। परिवार ने उम्मीद जताई है कि घर का माहौल अभिनेता की रिकवरी को और तेज करेगा।
अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान शाहरुख खान, सलमान खान और गोविंदा जैसे कई बड़े सितारे उनसे मिलने पहुंचे थे। इन मुलाकातों ने परिवार और धर्मेंद्र दोनों का मनोबल बढ़ाया। फिलहाल अभिनेता घर पर दस्तरेख में हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।









