इंडियन सिनेमा की दिग्गज और लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार रेखा अब इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) 2026 में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में शामिल होंगी।
Rekha IFFM 2026 Award: भारतीय सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री रेखा को उनके शानदार अभिनय करियर और सिनेमा में अतुलनीय योगदान के लिए इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) 2026 में विशेष सम्मान दिया जाएगा। पांच दशक से अधिक लंबे फिल्मी सफर को देखते हुए रेखा को फेस्टिवल में ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
रेखा इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में भी शामिल होंगी। यह भारतीय सिनेमा के वैश्विक उत्सव में एक खास अवसर माना जा रहा है, जहां रेखा की मौजूदगी भारतीय फिल्म विरासत और कला का प्रतिनिधित्व करेगी।
‘उमराव जान’ की होगी विशेष स्क्रीनिंग
IFFM 2026 में रेखा की यादगार फिल्म ‘उमराव जान’ की विशेष स्क्रीनिंग भी आयोजित की जाएगी। साल 1981 में रिलीज हुई यह फिल्म निर्देशक मुजफ्फर अली की क्लासिक फिल्मों में शामिल है। ‘उमराव जान’ में रेखा ने अमीरन यानी उमराव जान का किरदार निभाया था, जिसे भारतीय सिनेमा के सबसे शानदार अभिनय प्रदर्शनों में गिना जाता है।
इस फिल्म में उनकी अदाकारी, भाव-भंगिमा और संवाद अदायगी ने दर्शकों पर गहरा प्रभाव छोड़ा था। फिल्म को न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली थी। रेखा का यह किरदार आज भी हिंदी सिनेमा के यादगार महिला किरदारों में शामिल है।
रेखा ने सम्मान को बताया खास अनुभव
‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ अवॉर्ड मिलने पर रेखा ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ‘उमराव जान’ उनके जीवन और यादों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।रेखा ने कहा कि यह फिल्म आज भी उनकी यादों और उन दर्शकों के दिलों में जीवित है, जिन्होंने वर्षों तक इसे प्यार दिया है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म की यात्रा को दोबारा अंतरराष्ट्रीय मंच पर देखना उनके लिए भावुक और सम्मानजनक अनुभव होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि सिनेमा उनके जीवन का सबसे बड़ा आशीर्वाद रहा है और यह सम्मान केवल उनके व्यक्तिगत सफर का नहीं, बल्कि उन सभी फिल्मकारों, लेखकों, संगीतकारों और सहयोगियों का सम्मान है, जिन्होंने उनके करियर को समृद्ध बनाया।

मेलबर्न में फहराएंगी भारतीय तिरंगा
IFFM 2026 के दौरान रेखा एक और महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। वह मेलबर्न में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी। इससे पहले यह सम्मान समारोह भारतीय सिनेमा की कई बड़ी हस्तियों की मौजूदगी का गवाह रह चुका है। इस परंपरा में ऋषि कपूर, आमिर खान, शबाना आजमी, अनिल कपूर, रानी मुखर्जी, ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, राम चरण और करण जौहर जैसी हस्तियां शामिल रही हैं।
अब रेखा की भागीदारी इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा की प्रतिष्ठा को और मजबूत करेगी। इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने वाला प्रमुख फिल्म समारोह बन चुका है। हर साल इस आयोजन में भारतीय फिल्मों, कलाकारों और फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों को वैश्विक मंच मिलता है।
साल 2026 का IFFM 3 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सिनेमा से जुड़े कई विशेष आयोजन किए जाएंगे। यह फेस्टिवल भारतीय सिनेमा की विविधता, प्रतिभा और रचनात्मकता को दुनिया के सामने पेश करने का काम करता है।
रेखा का फिल्मी सफर रहा है ऐतिहासिक
रेखा ने अपने करियर की शुरुआत कम उम्र में की थी और धीरे-धीरे वह हिंदी सिनेमा की सबसे प्रभावशाली अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं। उन्होंने रोमांस, ड्रामा, सामाजिक और ऐतिहासिक फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं। ‘उमराव जान’ के अलावा ‘सिलसिला’, ‘खूबसूरत’, ‘मुकद्दर का सिकंदर’, ‘खून भरी मांग’ और कई अन्य फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों और आलोचकों से सराहना मिली। रेखा की खास अभिनय शैली, स्क्रीन प्रेजेंस और कला के प्रति समर्पण ने उन्हें भारतीय सिनेमा की अमूल्य धरोहर बना दिया है।












