इजरायल-ईरान तनाव के कारण मिडिल ईस्ट में एयरस्पेस बंद हो गया है। चेन्नई से लंदन जा रही फ्लाइट को लौटाया गया। खाड़ी देशों के लिए उड़ानों में देरी और बदलाव देखने को मिल रहे हैं।
British Airways Flight: इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और अमेरिकी हमले के बाद मिडिल ईस्ट क्षेत्र के कई हिस्सों में एअरस्पेस को बंद कर दिया गया है। इसका सीधा असर भारत से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर देखने को मिला है। रविवार, 22 जून 2025 को चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लंदन के लिए रवाना हुई ब्रिटिश एअरवेज की एक फ्लाइट को बीच रास्ते से लौटकर चेन्नई आना पड़ा।
ब्रिटिश एअरवेज की उड़ान को लेनी पड़ी आपात वापसी
फ्लाइट नंबर BA276 चेन्नई से सुबह 6:24 बजे रवाना हुई थी। यह अपने निर्धारित समय सुबह 5:35 बजे से लगभग एक घंटा देरी से चली थी। फ्लाइट में कुल 247 यात्री और 15 क्रू सदस्य सवार थे। जब विमान बेंगलुरु को पार करके अरब सागर के ऊपर पहुंचा, तभी पायलट को सूचना मिली कि मिडिल ईस्ट का प्रमुख एअरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इस कारण लंदन जाने वाला मार्ग बाधित हो गया।
एअर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से मिले निर्देश के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को चेन्नई लौटने को कहा गया। सुबह करीब 10 बजे यह विमान सुरक्षित रूप से चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया।
ब्रिटिश एअरवेज का आधिकारिक बयान
ब्रिटिश एअरवेज ने इस आपात वापसी की पुष्टि करते हुए एक बयान जारी किया। बयान में कहा गया, "यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम वैकल्पिक मार्गों और समाधान की समीक्षा कर रहे हैं। जैसे ही हवाई क्षेत्र की स्थिति सामान्य होगी या नया मार्ग सुनिश्चित होगा, हम आगे की जानकारी साझा करेंगे।"

कई अन्य उड़ानों पर भी पड़ा असर
मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण सिर्फ लंदन फ्लाइट ही नहीं, बल्कि खाड़ी देशों के लिए रवाना होने वाली कई अन्य उड़ानें भी प्रभावित हुईं। चेन्नई से कुवैत एयरवेज की एक उड़ान, जो सामान्यतः सुबह 3:30 बजे रवाना होती है, उसे 5:40 बजे रवाना किया गया। कतर एयरवेज की दोहा जाने वाली फ्लाइट और एमिरेट्स की दुबई उड़ान में भी लगभग एक घंटे की देरी दर्ज की गई।
मिडिल ईस्ट एअरस्पेस बंद होने की वजह
ईरान और इजरायल के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष ने क्षेत्रीय सुरक्षा को प्रभावित किया है। अमेरिकी हमले के बाद ईरानी अधिकारियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मिसाइल हमले किए, जिसके बाद पूरे मिडिल ईस्ट में सैन्य और नागरिक गतिविधियों पर सतर्कता बढ़ा दी गई। क्षेत्रीय हवाई सुरक्षा एजेंसियों ने नागरिक उड़ानों को टालने या वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सिफारिश की है।
एयरलाइन कंपनियां खोज रही हैं वैकल्पिक मार्ग
इस स्थिति को देखते हुए कई इंटरनेशनल एयरलाइंस अब वैकल्पिक मार्गों की तलाश में जुट गई हैं। कुछ कंपनियां दक्षिणी मार्गों के माध्यम से फ्लाइट्स को डायवर्ट कर रही हैं, ताकि यात्रियों को गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके। हालांकि इससे उड़ानों की समय-सारणी और लागत दोनों पर असर पड़ रहा है।
यात्रियों को हो रही परेशानी
चेन्नई एयरपोर्ट पर रविवार को यात्री भारी असमंजस में देखे गए। लंदन और खाड़ी देशों के लिए उड़ान भरने वाले यात्रियों को अपनी फ्लाइट्स के समय में बदलाव, देरी और कभी-कभी कैंसलेशन का सामना करना पड़ रहा है। एयरलाइंस की ओर से सूचना दिए जाने के बावजूद, कुछ यात्रियों को एयरपोर्ट पर कई घंटे इंतजार करना पड़ा।












